इंग्लैंड के अनुभवी बल्लेबाज जो रूट ने एक बार फिर साबित कर दिया कि सफल रनचेज में उनका मुकाबला करना आसान नहीं है. सोफिया गार्डन्स में खेले गए दूसरे वनडे में रूट ने नाबाद 99 रन की बेहतरीन पारी खेलकर इंग्लैंड को भारत पर चार विकेट से जीत दिलाई. इसके साथ ही तीन मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर हो गई और अब विजेता का फैसला रविवार को ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान पर होगा.
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 44 ओवर में 233 रन बनाए थे. जवाब में इंग्लैंड ने 44.1 ओवरों में छह विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया. पूरी पारी के दौरान रूट ने धैर्य, अनुभव और शानदार शॉट चयन का प्रदर्शन किया. वह शतक से सिर्फ एक रन दूर रह गए, लेकिन टीम को जीत दिलाकर नाबाद लौटे.
Because you deserve a graphic anyway ❤️ pic.twitter.com/tvmAq3FufC
— England Cricket (@englandcricket) July 16, 2026
रनचेज में जो रूट का जवाब नहीं
साल 2025 से अब तक वनडे रनचेज में रूट का रिकॉर्ड बेहद शानदार रहा है. इस दौरान उनके स्कोर 24, 120, 166, 44, 61, 61, 75 और 99* रहे हैं. लगातार बड़ी पारियां बताती हैं कि लक्ष्य का पीछा करते समय रूट इंग्लैंड के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज बन चुके हैं.
धोनी के बाद दूसरे नंबर पर रूट
सफल वनडे रनचेज में कम से कम 2000 रन बनाने वाले बल्लेबाजों में एवरेज के मामले में महेंद्र सिंह धोनी अब भी शीर्ष पर हैं. धोनी का एवरे 102.71 है, जबकि जो रूट 91.59 की औसत के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं. भारत के विराट कोहली 89.07 के एवरेज के साथ तीसरे नंबर पर हैं. इसके बाद एबी डीविलियर्स (82.77) और माइकल क्लार्क (73.86) का नाम है.
99 पर नाबाद रहकर भी बना दिया रिकॉर्ड
जो रूट वनडे क्रिकेट में 99 रन पर नाबाद रहने वाले इंग्लैंड के पहले बल्लेबाज बन गए हैं. ओवरऑल वनडे इतिहास में ऐसा करने वाले वह 17वें बल्लेबाज हैं. शतक से चूकने के बावजूद उनकी पारी मैच का सबसे बड़ा अंतर साबित हुई.
कार्डिफ में इंग्लैंड का शानदार रिकॉर्ड
सोफिया गार्डन्स, कार्डिफ इंग्लैंड के सबसे सफल वनडे मैदानों में बना हुआ है. यहां टीम ने अब तक 11 मुकाबले जीते हैं और सिर्फ चार हारे हैं. यानी जीत-हार का अनुपात 2.75 है, जो इंग्लैंड के किसी भी ऐसे मैदान पर सर्वश्रेष्ठ है जहां उसने कम से कम 10 वनडे खेले हैं. इसके बाद चेस्टर-ले-स्ट्रीट और पर्थ (2.00), साउथम्प्टन (1.88) और मैनचेस्टर (1.87) का स्थान है.
Everything you need to know about Joe Root, in one sentence ❤️
— England Cricket (@englandcricket) July 16, 2026
अब लॉर्ड्स में होगा सीरीज का फैसला
पहले वनडे में भारत ने 250 से ज्यादा रन का टारगेट आसानी से हासिल कर सीरीज में बढ़त बनाई थी, लेकिन दूसरे मैच में इंग्लैंड ने जोरदार वापसी करते हुए हिसाब बराबर कर दिया. भारतीय बल्लेबाजी पिछले दो मुकाबलों में पूरी तरह लय में नहीं दिखी है. टॉप ऑर्डर और मदोनों से अधिक निरंतर प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी.
यह भी पढ़ें: IND vs ENG: विराट कोहली-गौतम गंभीर में नहीं होती बात? अफवाहों पर बैटिंग कोच सितांशु कोटक का फूटा गुस्सा, बोले- पता नहीं कहां से आती हैं बातें
सीरीज का निर्णायक मुकाबला अब रविवार को लॉर्ड्स में खेला जाएगा. सबसे बड़ी नजर भारतीय कप्तान रोहित शर्मा पर होगी, जो अब तक इस सीरीज में बड़ी पारी नहीं खेल सके हैं. हालांकि बड़े मैचों में वापसी करना उनकी पहचान रही है. ऐसे में लॉर्ड्स में होने वाला मुकाबला तय करेगा कि सीरीज किसके नाम होगी.