scorecardresearch
 

IND vs ENG: विराट कोहली-गौतम गंभीर में नहीं होती बात? अफवाहों पर बैट‍िंग कोच स‍ितांशु कोटक का फूटा गुस्सा, बोले- पता नहीं कहां से आती हैं बातें

टीम इंड‍िया के बैट‍िंग कोच सितांशु कोटक ने विराट कोहली और हेड कोच गौतम गंभीर के बीच अनबन की खबरों को सिरे से खारिज कर दिया. उन्होंने कहा कि दोनों ने कार्डिफ वनडे के दिन कई बार बातचीत की. कोटक ने विराट की बल्लेबाजी तैयारी का भी खुलासा किया.

Advertisement
X
'विराट-गंभीर के बीच कोई विवाद नहीं', कोटक ने तोड़ी चुप्पी (Photo: PTI/ File)
'विराट-गंभीर के बीच कोई विवाद नहीं', कोटक ने तोड़ी चुप्पी (Photo: PTI/ File)

Virat Kohli Gautam Gambhir Rift Clarification: क्या वाकई गौतम गंभीर और व‍िराट कोहली के बीच इंग्लैंड दौरे पर वनडे सीरीज में बात नहीं हो रही है? अब इस पूरे मसले पर भारतीय टीम के बल्लेबाजी कोच स‍ितांशु कोटक ने कार्ड‍िफ वनडे के बाद खुलकर राय रखी. 

कुल म‍िलाकर कोटक ने विराट कोहली और हेड कोच गौतम गंभीर के बीच कथित अनबन की खबरों को पूरी तरह खारिज कर दिया है. इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे वनडे में भारत की हार के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कोटक ने साफ कहा कि दोनों के रिश्तों को लेकर फैलाई जा रही बातें बेबुनियाद हैं.

सीरीज शुरू होने से पहले ऐसी रिपोर्ट सामने आई थी कि नेट सेशन के दौरान विराट कोहली और गौतम गंभीर के बीच कोई बातचीत नहीं हुई थी. रिपोर्ट में दावा किया गया था कि विराट ने नेट्स सेशन में बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक और कप्तान शुभमन गिल से लंबी चर्चा की थी. इसके बाद दोनों के बीच मतभेद की अटकलें तेज हो गई थीं.

हालांकि कार्डिफ वनडे के बाद कोटक ने इन अटकलों पर विराम लगाने की कोशिश की. उन्होंने कहा- विराट और गौतम ने आज कम से कम 10 बार बात की होगी. मुझे नहीं लगता कि दोनों के बीच किसी पुल (ब्रिज) की जरूरत है. 

Advertisement

विराट की तैयारी को लेकर भी किया बड़ा खुलासा
कोटक ने बताया कि बल्लेबाजी के लिए उतरने से पहले विराट कोहली ने उनसे कुछ तकनीकी पहलुओं पर चर्चा की थी. उन्होंने कहा कि विराट जैसे अनुभवी बल्लेबाज की तकनीक में बेवजह दखल देना सही नहीं होता.

कोटक ने कहा- ईमानदारी से कहूं तो बल्लेबाजी कोच के तौर पर जब तक विराट खुद कुछ महसूस न करें या उन्हें किसी चीज की जरूरत न लगे, तब तक उनकी बल्लेबाजी में छेड़छाड़ नहीं करनी चाहिए. हम भी उन्हें ज्यादा सलाह नहीं देते.

उन्होंने आगे बताया- विराट ने बल्लेबाजी से पहले अपने फुटवर्क और कुछ तकनीकी बातों पर मुझसे चर्चा की थी. नेट्स के बाद भी हमारी बातचीत हुई. लेकिन जहां तक अफवाहों की बात है, मुझे नहीं पता कि ये कहां से आती हैं, लेकिन आती जरूर हैं.

65 रन की पारी खेली, फिर भी नहीं बचा सके भारत
एजबेस्टन वनडे में सिंगल डिजिट स्कोर पर आउट होने वाले विराट कोहली ने कार्डिफ में शानदार वापसी की. शुभमन गिल के आउट होने के बाद आठवें ओवर में बल्लेबाजी करने उतरे विराट ने तेज गति से रन बनाए, जबकि दूसरे छोर पर रोहित शर्मा लय में नहीं दिखे और स्ट्राइक रोटेट करने में भी संघर्ष करते रहे.

Advertisement

रोहित शर्मा के आउट होने के बाद ईशान किशन भी ज्यादा देर नहीं टिक सके. इसके बाद विराट कोहली और श्रेयस अय्यर ने चौथे विकेट के लिए 67 रन जोड़कर भारत की पारी को संभाला. विराट ने 66 गेंदों में 65 रन बनाए, जिसमें 8 चौके शामिल रहे.

178/3 से 233 पर ढेर हुई टीम इंडिया
भारत एक समय 178/3 के मजबूत स्कोर पर था, लेकिन विराट के आउट होते ही पूरी बल्लेबाजी लड़खड़ा गई. आखिरी 12.2 ओवर में केवल 55 रन जुड़े और पूरी टीम 233 रन पर सिमट गई.

श्रेयस अय्यर ने 71 गेंदों पर 66 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और 2 छक्के शामिल रहे. वहीं वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल और शिवम दुबे टीम को मजबूत फिनिश नहीं दिला सके.

जो रूट ने दिलाई इंग्लैंड को जीत
234 रन के टारगेट का पीछा करते हुए इंग्लैंड ने 4 विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया. अनुभवी बल्लेबाज जो रूट ने 133 गेंदों पर नाबाद 99 रन बनाए और टीम को 5.5 ओवर शेष रहते जीत दिला दी. उनकी पारी में 9 चौके शामिल रहे. इस प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.

इस जीत के साथ इंग्लैंड ने तीन मैचों की वनडे सीरीज 1-1 से बराबर कर ली. अब दोनों टीमों के बीच निर्णायक मुकाबला 19 जुलाई को लॉर्ड्स में खेला जाएगा.

Advertisement

 

---- समाप्त ----
Live TV

  • क्या व‍िराट कोहली और गौतम गंभीर के बीच में वाकई व‍िवाद है?

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement