इंडिया टुडे कॉन्क्लेव 2026 के मंच पर शनिवार को कई दिग्गजों ने शिरकत की. इस कार्यक्रम में एक पल ऐसा भी आया जब माहौल अचानक से एकदम बदल गया. दरअसल, ये वो पल था जब बॉलीवुड के खिलाड़ी नंबर-1 यानी अक्षय कुमार की मुलाकात वर्ल्ड चैम्पियन टीम इंडिया के यंग स्टार अभिषेक शर्मा से हुई. अभिषेक शर्मा भी क्रिकेट की दुनिया में खिलाड़ी नंबर-1 है क्योंकि आईसीसी टी20 रैंकिंग में वह पहले पायदान पर हैं. इस कार्यक्रम में अभिषेक शर्मा ने संजू सैमसन के साथ हिस्सा लिया था. वहीं, अक्षय कुमार भी इस कॉन्क्लेव में बतौर मेहमान शामिल हुए थे.
आखिरकार इस सेशन के अंत में अभिषेक शर्मा और अक्षय कुमार की जुगलबंदी देखने को मिली. दोनों ने साथ में खूब मस्ती की. इसी बीच, क्रिकेटर अभिषेक शर्मा ने अक्षय कुमार को अपना वो बैट गिफ्ट करने का वादा किया है, जिससे अभिषेक शर्मा ने आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड के फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ फिफ्टी लगाई थी.

जब अक्षय ने मांगा ऑटोग्राफ
दरअसल, इवेंट के दौरान अभिषेक शर्मा ने बॉलीवुड स्टार को क्रिकेट के कुछ गुर भी सिखाए. वहीं जब अक्षय ने अभिषेक से बैट पर ऑटोग्राफ मांगा तो अभिषेक शर्मा ने कहा कि मैं उस बैट पर आपको ऑटोग्राफ दूंगा, जिस बैट से मैंने वर्ल्ड कप में बैटिंग की है. अभिषेक ने वादा किया कि गिफ्ट के तौर पर वो जल्द ही उन्हें ये सेंड करेंगे.
यह भी पढ़ें: 'केरल-पंजाब की हमारी दोस्ती में सब FIRE ही है', संजू सैमसन ने सुनाया अभिषेक संग ओपनिंग का किस्सा
बता दें कि अक्षय कुमार खुद मार्शल आर्ट्स और स्पोर्ट्स के प्रति बेहद जुनूनी रहे हैं. सेशन के दौरान अभिषेक और अक्षय के बीच मजेदार डांस भी देखा गया. वहीं अक्षय ने अभिषेक की उपलब्धि और टीम इंडिया की वर्ल्ड कप जीत की जमकर तारीफ की.
फाइनल में 52 रन की पारी खेली
गौरतलब है कि अभिषेक शर्मा ने वर्ल्ड कप फाइनल मुकाबले में भारत की जीत में अहम रोल निभाया था. हालांकि फाइनल से पहले उनका परफॉर्म काफी अच्छा नहीं था. पहले लगातार 3 मैचों में वो बिना खाता खोले हुए आउट हुए थे. लेकिन पूरे देश को उम्मीद थी कि फाइनल में उनका बल्ला चलेगा और ऐसा ही हुआ. उन्होंने शानदार वापसी की. अहमदाबाद में खेले गए फाइनल में उन्होंने महज 21 गेंदों में 52 रन की तूफानी पारी खेली. इस कार्यक्रम के दौरान अभिषेक ने टी20 वर्ल्ड कप के कई किस्से भी साझा किए.
यह भी पढ़ें: ODI वर्ल्ड कप के सवाल पर अभिषेक ने क्यों किया युवराज सिंह का जिक्र? बताया क्या है मेंटर का सख्त मैसेज
भूत बंगाला को लेकर चर्चा में अक्षय
अक्षय कुमार इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म भूत बंगला को लेकर चर्चा में बने हुए हैं. फिल्म 10 अप्रैल 2026 को रिलीज होने वाली है. सबसे खास बात अक्षय कुमार डायरेक्टर प्रियदर्शन के साथ 16 साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रहे हैं.