scorecardresearch
 

IPL के बाद टेस्ट मोड में लौटी टीम इंडिया, खिलाड़ियों का रूटीन सुधारने में जुटा मैनेजमेंट

भारत और अफगानिस्तान के बीच 6 जून को एकमात्र टेस्ट मैच खेला जाना है. IPL खत्म होते ही भारतीय टीम ने अपनी तैयारियां शुरू कर दीं. IPL के तुरंत बाद खिलाड़ी थकान से जूझ रहे हैं और और स्लीप साइकिल पर फोकस कर रहे हैं.

Advertisement
X
अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच के लिए भारतीय टीम ने अपनी तैयारियां शुरू (Photo: PTI)
अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच के लिए भारतीय टीम ने अपनी तैयारियां शुरू (Photo: PTI)

भारत और अफगानिस्तान के बीच एकमात्र टेस्ट मैच 6 जून से न्यू चंडीगढ़ में खेला जाना है. इसके लिए भारतीय क्रिकेट टीम ने तैयारियां शुरू कर दी हैं.  IPL (इंडियन प्रीमियर लीग) के बाद  ख‍िलाड़‍ी अपनी आदत को बदलने की कोशिश कर रहे हैं. आईपीएल के दौरान ख‍िलाड़ी देर रात तक जाग रहे थे. 

उनके सुबह की शुरुआत देर से हो रही थी, मगर अब ख‍िलाड़‍ियों को सुबह जल्दी उठना पड़ रहा है. इसके बाद लंबे नेट सेशन चलते हैं और व्हाइट बॉल की जगह रेड बॉल ने ले ली है. 

अफगानिस्तान का सामना करने से पहले भारतीय खिलाड़ी सबसे पहले IPL की थकान से जूझ रहे हैं. दरअसल भारत की 15-सदस्यीय टीम में से 7 क्रिकेटर IPL 2026 के फाइनलिस्ट रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और गुजरात टाइटन्स (GT) का हिस्सा थे. 

इनमें कप्तान शुभमन गिल, तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा, ओपनर साई सुदर्शन और ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर फाइनल में GT की तरफ से खेले थे. मानव सुथार भी GT का हिस्सा थे. जबकि देवदत्त पडिक्कल RCB की टीम में शामिल थे. 

टीम इंडिया के असिस्टेंट कोच रयान टेन डोशेट ने बताया कि खिलाड़ियों को IPL के फॉर्मेट से टेस्ट क्रिकेट की तैयारी में ढालने के लिए खास प्लान बनाया गया है. 

उन्होंने कहा कि स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग कोच एड्रियन ले रॉक्स की देखरेख में खिलाड़ियों का वर्कलोड और ट्रेनिंग शेड्यूल तैयार किया गया है, जिससे बदलाव की प्रक्रिया आसान हो सके.

Advertisement

रयान टेन डोशेट के मुताबिक IPL और टेस्ट क्रिकेट की तैयारी का तरीका पूरी तरह अलग होता है, लेकिन खिलाड़ियों को इसके अनुरूप खुद को ढालने के लिए पर्याप्त समय मिला है. 

उन्होंने बताया कि टीम ने बुधवार को सुबह ट्रेनिंग की, गुरुवार को दोपहर में अभ्यास किया और शुक्रवार को फिर सुबह सेशन रखा गया है. शुक्रवार का अभ्यास सत्र खिलाड़ियों के लिए वैकल्पिक रहेगा.

यह भी पढ़ें: टीम इंडिया की बढ़ी टेंशन... अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच से बाहर हो सकता है ये गेंदबाज

उन्होंने यह भी कहा कि खिलाड़ी अपनी जिम्मेदारी को अच्छी तरह समझ रहे हैं और पिछले कुछ दिनों में कई खिलाड़ी सुबह जल्दी उठकर नाश्ते के समय भी नजर आए हैं.

रयान टेन डोशेट ने बताया कि खिलाड़ियों की बॉडी को टेस्ट क्रिकेट के शेड्यूल के मुताबिक ढालने के लिए एड्रियन ले रॉक्स ने जानबूझकर सुबह के समय जिम सेशन रखे हैं. 

इसका मकसद खिलाड़ियों को जल्दी उठने की आदत डालना और उनकी दिनचर्या को टेस्ट मैच की जरूरतों के अनुरूप बनाना है. उन्होंने कहा कि टीम के खिलाड़ी बेहद अनुभवी और प्रोफेशनल हैं.

उन्हें अच्छी तरह पता है कि अच्छे प्रदर्शन के लिए क्या करना जरूरी है और वे उसी हिसाब से अपनी तैयारी में बदलाव कर रहे हैं, ताकि मैच की शुरुआत से पहले पूरी तरह तैयार रहें.

Advertisement

रयान टेन डोशेट ने यह भी माना कि IPL के बाद टेस्ट क्रिकेट में वापसी के दौरान खिलाड़ियों की नींद और रिकवरी का रूटीन सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक है. 

उनके मुताबिक टीम मैनेजमेंट का फोकस खिलाड़ियों को इस बदलाव के लिए तैयार करना है और स्लीप साइकिल को सही ट्रैक पर लाना फिलहाल प्राथमिकता में शामिल है.

भारतीय टेस्ट स्क्वॉड:  शुभमन गिल  (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल (उपकप्तान), साई सुदर्शन, ऋषभ पंत (व‍िकेटकीपर), देवदत्त पडिक्कल, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, मानव सुथार, गुरनूर बरार, हर्ष दुबे, ध्रुव जुरेल (व‍िकेटकीपर) 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement