न्यूजीलैंड-ए के खिलाफ अनऑफिशियल टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में इंडिया-ए के बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल दोहरे शतक से महज एक रन दूर रह गए. लिंकन के बर्ट सटक्लिफ ओवल में जारी इस मुकाबले में पडिक्कल को 199 रन के स्कोर पर विवादित कैच आउट दिया गया. गेंद उनके बल्ले के बजाय पैड पर लगी थी, ऐसे में अंपायर के निर्णय से वो हैरान रह गए.
जैक गिब्सन की गेंद लेग स्टम्प के बाहर थी. देवदत्त पडिक्कल ने उसे फ्लिक करने की कोशिश की, लेकिन गेंद उनके बल्ले से दूर रही और पैड से लगकर विकेटकीपर मिचेल हे के दस्तानों में चली गई. न्यूजीलैंड-ए के खिलाड़ियों ने अपील की और अंपायर ने उंगली उठा दी. पडिक्कल ने फैसले पर हैरानी जताते हुए अंपायर को बताया कि गेंद उनके बल्ले से काफी दूर थी, लेकिन उन्हें अपना विकेट गंवाना पड़ा.
देवदत्त पडिक्कल ने 248 गेंदों पर 199 रन बनाए. उनकी पारी में 24 चौके और तीन छक्के शामिल रहे. वह दोहरे शतक से सिर्फ एक रन दूर थे, ऐसे में इस तरह आउट होना उनके लिए बेहद निराशाजनक रहा. यश राठौड़ ने भी पवेलियन लौटते समय उनके प्रयास की सराहना की और कंधे पर हाथ रखकर हौसला बढ़ाया.
पहली पारी में सिर्फ 113 रनों पर सिमटने के बाद इंडिया-ए को देवदत्त पडिक्कल की इस पारी ने मुकाबले में वापसी का मौका दिया. अब उनकी 199 रनों की पारी को याद किया जाएगा, लेकिन दोहरे शतक से ठीक पहले मिले इस फैसले पर चर्चा भी होना तय है.
इंडिया-ए की प्लेइंग-11: यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल (कप्तान/विकेटकीपर), यश राठौड़, वॉशिंगटन सुंदर, अंशुल कम्बोज, आकिब नबी, आकाश दीप और मुकेश चौधरी.
न्यूजीलैंड-ए की प्लेइंग-11: रीस मारिउ (कप्तान), कर्टिस हीफी, टिम रॉबिन्सन, मैथ्यू बॉयल, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट, मिचेल हे (विकेटकीपर), साइमन कीन, क्रिस्टियन क्लार्क, फ्रेजर शीट, जेडन लेनोक्स और जैक गिब्सन.