scorecardresearch
 

आक‍िब नबी इकलौते नहीं, इन 5 गेंदबाजों को भी टीम इंड‍िया का बुलावा, BCCI ने क्यों ल‍िया ये फैसला?

अफगानिस्तान के खिलाफ 6 जून से शुरू होने वाले एकमात्र टेस्ट से पहले BCCI ने आकिब नबी समेत छह गेंदबाजों को नेट बॉलर के रूप में टीम इंडिया कैम्प से जोड़ा है. गुरजपनीत सिंह, प्रिंस यादव, जीशान अंसारी, शिवांग कुमार और सारांश जैन भी बल्लेबाजों की तैयारी में मदद करेंगे.

Advertisement
X
अफगानिस्तान टेस्ट से पहले टीम इंडिया का सीक्रेट मिशन... आकिब, जीशान और प्रिंस समेत 6 गेंदबाज पहुंचे इंड‍िया कैम्प (Photo: PTI)
अफगानिस्तान टेस्ट से पहले टीम इंडिया का सीक्रेट मिशन... आकिब, जीशान और प्रिंस समेत 6 गेंदबाज पहुंचे इंड‍िया कैम्प (Photo: PTI)

IND vs AFG 1st Test:  अफगानिस्तान के खिलाफ 6 जून से शुरू होने वाले एकमात्र टेस्ट से पहले BCCI ने आकिब नबी समेत छह गेंदबाजों को नेट बॉलर के रूप में टीम इंडिया कैम्प से जोड़ा है. गुरजपनीत सिंह, प्रिंस यादव, जीशान अंसारी, शिवांग कुमार और सारांश जैन भी बल्लेबाजों की तैयारी में मदद करेंगे. 

आकिब नबी इकलौते गेंदबाज नहीं हैं जिन्हें अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले एकमात्र टेस्ट से पहले टीम इंडिया कैम्प में बुलाया गया है. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने भारतीय बल्लेबाजों की तैयारी को मजबूत करने के लिए कुल छह गेंदबाजों को नेट बॉलर के तौर पर मुल्लांपुर स्थित कैम्प से जोड़ा है.

जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी के अलावा गुरजपनीत सिंह, प्रिंस यादव, सारांश जैन, जीशान अंसारी और शिवांग कुमार भी भारतीय टीम के साथ जुड़ गए हैं. इन खिलाड़ियों का काम आगामी टेस्ट मुकाबले से पहले भारतीय बल्लेबाजों को अलग-अलग तरह की गेंदबाजी का सामना कराने में मदद करना होगा.

आकिब नबी को टेस्ट स्क्वॉड में जगह नहीं मिली थी, जिसके बाद उनके सेलेक्शन को लेकर सवाल उठे थे. 2025-26 रणजी ट्रॉफी सीजन में उन्होंने 60 विकेट झटककर जम्मू-कश्मीर को पहली बार खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी. कुछ रिपोर्ट्स में उन्हें बैकअप पेसर बताए जाने की चर्चा भी हुई थी, लेकिन अब स्पष्ट हो गया है कि उन्हें नेट बॉलर के तौर पर बुलाया गया है.
यह भी पढ़ें: साई सुदर्शन OUT, 2 खिलाड़ियों का डेब्यू... अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच में बदली दिखेगी शुभमन ब्रिगेड

Advertisement

तेज गेंदबाज प्रिंस यादव पहले ही अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम में चुने जा चुके हैं. हर्षित राणा की चोट और जसप्रीत बुमराह को आराम दिए जाने के बाद उन्हें मौका मिला. IPL 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए खेलते हुए प्रिंस ने 14 मैचों में 16 विकेट हासिल किए थे.

बाएं हाथ के तेज गेंदबाज गुरजपनीत सिंह भी कैम्प का हिस्सा बने हैं. चेन्नई सुपर किंग्स के लिए IPL 2026 खेलने वाले गुरजपनीत ने आठ मैचों में चार विकेट लिए थे. उनकी मौजूदगी भारतीय बल्लेबाजों को लेफ्ट-आर्म पेस का अभ्यास कराने में मदद करेगी.

स्पिन विभाग में जीशान अंसारी, शिवांग कुमार और सारांश जैन को जिम्मेदारी सौंपी गई है. सनराइजर्स हैदराबाद से जुड़े लेग स्पिनर जीशान अंसारी ने पिछले सीजन IPL डेब्यू किया था. हालांकि इस बार उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला. विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में वह संयुक्त रूप से दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे थे.

शिवांग कुमार भी सनराइजर्स हैदराबाद का हिस्सा रहे हैं. बाएं हाथ के रिस्ट स्पिनर शिवांग ने अपने डेब्यू IPL सीजन में नौ विकेट हासिल किए थे. वहीं मध्य प्रदेश के अनुभवी ऑफ स्पिनर सारांश जैन इस सूची के इकलौते खिलाड़ी हैं जो IPL 2026 की किसी टीम का हिस्सा नहीं थे. 33 वर्षीय सारांश ने पिछले रणजी सीजन में सिर्फ सात मैचों में 30 विकेट लेकर अपनी छाप छोड़ी थी.

Advertisement

भारत और अफगानिस्तान के बीच एकमात्र टेस्ट मैच 6 जून से खेला जाएगा. यह मुकाबला वर्ल्ड टेस्ट चैम्प‍ियनश‍िप (WTC) 2025-27 का हिस्सा नहीं है और इसमें कोई अंक नहीं मिलेंगे. इसके बावजूद BCCI इस मैच को बेहद अहम मान रहा है, क्योंकि अगस्त में होने वाली श्रीलंका टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय खिलाड़ियों को रेडबॉल क्रिकेट की तैयारी का मौका मिलेगा. श्रीलंका दौरे पर WTC अंक दांव पर होंगे, ऐसे में अफगानिस्तान टेस्ट को तैयारी के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

अफगानिस्तान के ख़िलाफ़ एकमात्र टेस्ट के लिए भारत की टीम: शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल (उपकप्तान), साई सुदर्शन, ऋषभ पंत (विकेट कीपर), देवदत्त पडिक्कल, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, मानव सुथार, गुरनूर बराड़, हर्ष दुबे, ध्रुव जुरेल (विकेट कीपर). 

 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement