scorecardresearch
 

साई सुदर्शन OUT, 2 खिलाड़ियों का डेब्यू... अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट मैच में बदली दिखेगी शुभमन ब्रिगेड

अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच के लिए बीसीसीआई ने टीम का ऐलान कर दिया. अब देखना ये है कि किन-किन खिलाड़ियों को प्लेइंग-11 में मौका मिलेगा. इस बार टीम में नए चेहरों को भी शामिल किया गया है.

Advertisement
X
किन खिलाड़ियों को मिलेगा प्लेइंग-11 में मौका? (Photo:Getty Images)
किन खिलाड़ियों को मिलेगा प्लेइंग-11 में मौका? (Photo:Getty Images)

अफगानिस्तान के खिलाफ अगले महीने की 6 तारीख से होने वाले एकमात्र टेस्ट के लिए भारतीय टीम का ऐलान तो हो चुका है, लेकिन चयन के बाद भी बहस थमने का नाम नहीं ले रही.

सरफराज खान और आकिब नबी जैसे खिलाड़ियों को मौका ना मिलना कई फैन्स को अखर रहा है. हालांकि अब सारी चर्चा इस बात पर टिक गई है कि आखिर प्लेइंग-11 कैसी होगी.

आईपीएल 2026 के लंबे सीजन के बीच खिलाड़ियों की फिटनेस और वर्कलोड भी टीम मैनेजमेंट के लिए बड़ी चुनौती है. यही वजह है कि इस मुकाबले में कुछ नए चेहरों को टेस्ट कैप मिलती दिख सकती है. गुरनूर बरार और मानव सुथार जैसे खिलाड़ी डेब्यू की रेस में सबसे आगे बताए जा रहे हैं.

ओपनिंग जोड़ी तय
केएल राहुल ने पिछले एक साल में टेस्ट क्रिकेट में अपनी जगह बना ली है. लगातार रन बनाने के चलते अब वह टीम के उप-कप्तान भी हैं. उनके साथ यशस्वी जायसवाल ओपनिंग करते नजर आएंगे, जो अब भी भारत के सबसे भरोसेमंद युवा बल्लेबाजों में शामिल हैं. 

Advertisement

नंबर-3 के लिए टक्कर

भारत को लंबे समय से मजबूत नंबर-3 बल्लेबाज की तलाश है. साई सुदर्शन का आईपीएल सीजन तो बहुत जबरदस्त रहा है, लेकिन टेस्ट में सुदर्शन को लगातार मौके मिले, लेकिन वह खुद को पूरी तरह साबित नहीं कर पाए.  दूसरी तरफ देवदत्त पडिक्कल ने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया है और मौजूदा फॉर्म भी उनके पक्ष में जाती दिख रही है. ऐसे में इस टेस्ट में पडिक्कल को मौका मिल सकता है.

गिल-पंत पर बड़ी जिम्मेदारी
शुभमन गिल अब टीम के बल्लेबाजी क्रम का अहम हिस्सा बन चुके हैं. कप्तानी के साथ-साथ रन बनाने का दबाव भी उन्हीं पर रहेगा. वहीं ऋषभ पंत टेस्ट क्रिकेट में हमेशा अलग ही अंदाज में नजर आते हैं. मुश्किल परिस्थितियों में तेजी से रन बनाना उनकी सबसे बड़ी ताकत है.

ऑलराउंडर्स में सुंदर आगे
रवींद्र जडेजा और अक्षर पटेल की गैरमौजूदगी में वॉशिंगटन सुंदर का खेलना लगभग तय माना जा रहा है. बल्ले और गेंद दोनों से योगदान देने की उनकी क्षमता टीम को संतुलन देती है. नीतीश कुमार रेड्डी के आंकड़े भले बहुत प्रभावशाली ना हों, लेकिन तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर होने का फायदा उन्हें लगातार मिल रहा है.

डेब्यू कर सकते हैं युवा खिलाड़ी
स्पिन विभाग में कुलदीप यादव की गैरमौजूदगी में मानव सुथार या हर्ष दुबे में से किसी एक को मौका मिलने की संभावना है. हालांकि सुथार का पलड़ा भारी नजर आ रहा है. टीम मैनेजमेंट शायद भविष्य को ध्यान में रखते हुए नए खिलाड़ियों को आजमाना चाह रहा है.

Advertisement

वहीं तेज गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह की गैर मौजूदगी में सबसे ज्यादा चर्चा गुरनूर बरार की हो रही है. लंबे कद और उछाल पैदा करने की क्षमता के कारण उन्हें भारतीय तेज आक्रमण का भविष्य माना जा रहा है.

मोहम्मद सिराज लगातार क्रिकेट खेल रहे हैें, लेकिन वो स्क्वॉड में शामिल हैं और वो पेस बॉलिंग अटैक की अगुवाई करेंगे. उनके साथ प्रसिद्ध कृष्णा तेज गेंदबाजी आक्रमण की जिम्मेदारी संभालते नजर आ सकते हैं.

भारतीय टेस्ट स्क्वॉड:  शुभमन गिल  (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल (उप-कप्तान), साई सुदर्शन, ऋषभ पंत (व‍िकेटकीपर), देवदत्त पडिक्कल, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, मानव सुथार, गुरनूर बरार, हर्ष दुबे, ध्रुव जुरेल (व‍िकेटकीपर)

भारत की संभावित प्लेइंग-11: केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, देवदत्त पडिक्कल, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (व‍िकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और गुरनूर बरार.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement