भारतीय घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से तहलका मचाने वाले युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज अभिषेक पोरेल पिछले कुछ समय से लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं. खेल के अलावा अपनी पर्सनल लाइफ के कारण फैन्स के बीच अभिषेक चर्चाओं में आ गए हैं.
हाल ही में स्पोर्ट्स तक को दिए एक इंटरव्यू में अभिषेक पोरेल ने अपने दिल का दर्द बयां किया है. मुश्किल समय और अपने जीवन के सबसे कठिन दौर पर खुलकर बात करते हुए अभिषेक ने बताया कि कैसे उन्होंने जेल के अंदर खुद को मानसिक रूप से मजबूत बनाया.
इंटरव्यू के दौरान जब अभिषेक पोरेल से उनके जीवन के उस दौर के बारे में पूछा गया जब उन्हें जेल में समय बिताना पड़ा था तो उन्होंने बेहद सकारात्मकता के साथ जवाब दिया. अभिषेक ने कहा कि वह उस विवाद या चर्चा में ज्यादा नहीं पड़ना चाहते क्योंकि वह उनका बेहद निजी मामला है और शायद किसी गलतफहमी की वजह से उन्हें वह सब देखना पड़ा.
उन्होंने इमोशनल अंदाज में कहा कि जब रात होती है तो उसके बाद सुबह भी आती है और सूरज जरूर उगता है. मुझे अपनी काबिलियत पर पूरा भरोसा है. क्रिकेट ही मेरा सब कुछ है और मैं अपने खेल पर जितनी ज्यादा मेहनत करूंगा मेरा भविष्य उतना ही बेहतर होगा.
अभिषेक ने माना कि उस दौर ने उन्हें अंदर से बहुत टफ बना दिया है, क्योंकि हर एक दिन और हर एक मिनट बिताना बहुत धैर्य का काम था. जिसे उन्होंने पूरी तरह पॉजिटिव रूप में लिया और क्रिकेट में इसका फायदा उठाया.
ऋषभ पंत और केएल राहुल मेरे बड़े भाई जैसे हैं
भारतीय टीम में विकेटकीपर के तौर पर कड़ी प्रतिस्पर्धा पर बात करते हुए अभिषेक ने कहा कि वह ऋषभ पंत या केएल राहुल को अपना कंपीटीट नहीं बल्कि अपने बड़े भाई की तरह देखते हैं. उन्होंने बताया कि मैदान पर उतरने से ठीक 10 मिनट पहले ऋषभ पंत ने उन्हें हौसला बंधाते हुए कहा था कि तुमने बहुत कुछ हासिल किया है, बस जाओ और खुलकर अपनी क्रिकेट खेलो.
जेल के अंदर क्या-क्या हुआ?
अभिषेक ने जेल में बिताए दिनों पर बात करते हुए कहा कि वहां सभी लोगों ने मेरा काफी ख्याल रखा. हर किसी को इस बात का एहसास था कि ये बस गलती से यहां फंस गया है. उन्होंने कहा कि जेल में मुझे बाकियों से अलग रखा गया था. मेरी जरूरतों का पूरा ख्याल रखा गया. लिहाजा मैंने इस कठिन समय से काफी कुछ सीखने का काम किया.
इसके अलावा अभिषेक ने दिल्ली कैपिटल्स के कोच सौरव गांगुली के साथ हुई बातचीत का जिक्र करते हुए कहा कि गांगुली सर ने उन्हें घरेलू सीजन और रणजी ट्रॉफी पर पूरी तरह फोकस करने की सलाह दी है. उन्होंने कहा कि उनका फिलहाल एक ही लक्ष्य है घरेलू क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाना, आईपीएल में अपनी टीम को जिताना और लंबे समय तक भारत के लिए सभी फॉर्मेट में खेलना.