अमेरिका की रक्षा मंत्रालय यानी पेंटागन ने अज्ञात उड़न वस्तुओं (UFOs) से जुड़ी नई फाइलें जारी करना शुरू कर दिया है. पेंटागन ने कहा है कि आम लोगों को इन फाइलों को पढ़कर खुद अपने नतीजे निकालने की पूरी आजादी है. यह एक बड़ा और महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
पेंटागन ने कहा कि पिछली सरकारें यूएफओ से जुड़ी जानकारियों को छिपाने या लोगों को गुमराह करने की कोशिश करती थीं. लेकिन राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सरकार पूरी पारदर्शिता पर जोर दे रही है. लोगों को सच्चाई जानने का अधिकार है, इसलिए ये दस्तावेज जारी किए जा रहे हैं.
यह भी पढ़ें: एलियन थ्योरी पर काम करने वाले 11 नासा साइंटिस्ट्स पर चला था सीक्रेट वेपन!
पेंटागन ने X (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करके यह जानकारी दी कि अब जनता खुद इन फाइलों को पढ़कर तय करेगी कि इसमें क्या सच्चाई है.

कौन-कौन शामिल है इस अभियान में?
यह अभियान सिर्फ पेंटागन तक सीमित नहीं है. इसमें व्हाइट हाउस, नेशनल इंटेलिजेंस डायरेक्टर, एनर्जी डिपार्टमेंट, NASA और FBI भी शामिल हैं. सभी बड़े संगठन मिलकर यूएफओ से जुड़ी जानकारियां लोगों तक पहुंचा रहे हैं. यह पहली बार है जब बड़े स्तर पर विभिन्न सरकारी विभाग एक साथ UFO फाइलें सार्वजनिक कर रहे हैं.
पेंटागन ने बताया कि ये फाइलें एक साथ नहीं, बल्कि अलग-अलग स्टेज में जारी की जाएंगी. यानी आने वाले दिनों और हफ्तों में और भी दस्तावेज जारी होंगे. इनमें पुरानी घटनाओं की रिपोर्ट, वीडियो, तस्वीरें और जांच संबंधी जानकारियां शामिल हो सकती हैं.
यह भी पढ़ें: हमारे सौर मंडल में कहां मौजूद हैं एलियन... नासा-यूरोपीय एजेंसी कई जगहों पर खोज रही है
क्यों महत्वपूर्ण है यह खुलासा?
कई दशकों से UFO को लेकर दुनिया भर में चर्चाएं होती रही हैं. कुछ लोग इन्हें एलियन का जहाज मानते हैं, तो कुछ इन्हें एडवांस विदेशी तकनीक या मौसम संबंधी घटना बताते हैं. अब अमेरिकी सरकार खुद कह रही है कि लोगों को सारी जानकारी दी जाएगी ताकि वे खुद फैसला कर सकें. यह कदम उन लोगों के लिए बड़ी राहत है जो लंबे समय से UFO संबंधी सूचनाओं की मांग कर रहे थे.