scorecardresearch
 

Virat Kohli & Anushka Sharma: विराट-अनुष्का की हर ट्रिप में जरूर होती हैं ये धार्मिक जगह, जहां मिलती है मानसिक शांति!

Virat Kohli & Anushka Sharma: विराट कोहली और अनुष्का शर्मा मानसिक शांति के लिए अक्सर किसी न किसी आध्यात्मिक जगह पर जाते रहते हैं. जानें वो कौन सी जगह हैं जहां उन्हें जाकर सच्चा सुकून हासिल होता है.

Advertisement
X
विराट और अनुष्का को भारत की ये आध्यात्मिक जगह हैं पसंद (Photo: ITG)
विराट और अनुष्का को भारत की ये आध्यात्मिक जगह हैं पसंद (Photo: ITG)

Virat Kohli & Anushka Sharma: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार खिलाड़ी विराट कोहली इन दिनों IPL में अपने शानदार प्रदर्शन के कारण चर्चा में हैं. लेकिन मैदान के बाहर भी उनकी एक खास पहचान है कि उनका अध्यात्म की ओर झुकाव. विराट कोहली ने कई बार खुलकर बताया है कि वे मानसिक शांति और संतुलन पाने के लिए आध्यात्मिक रास्ता अपनाते हैं. वे समय-समय पर मंदिरों में दर्शन करने जाते हैं, आध्यात्मिक जगहों पर समय बिताते हैं और ध्यान (मेडिटेशन) जैसी चीजों को अपनी जिंदगी का हिस्सा बनाते हैं. अगर आप भी भागदौड़ जिंदगी से सुकून और शांति पाना चाहते हैं, तो विराट कोहली की तरह इन आध्यात्मिक जगहों पर जा सकते हैं. ये जगह आपके मन को शांत करने में मदद कर सकती हैं. 

नीम करौली बाबा आश्रम, कैंची धाम, उत्तराखंड

उत्तराखंड में स्थित नीम करौली बाबा आश्रम एक बहुत ही खास और शांत जगह है. अनुष्का शर्मा और विराट कोहली भी नैनीताल के पास कैंची धाम में बने इस आश्रम में दर्शन करने अक्सर जाते रहते हैं. इस जगह की खास बात इसकी गहरी आध्यात्मिक ऊर्जा मानी जाती है. दुनिया के बड़े नाम जैसे स्टीव जॉब्स और मार्क जकरबर्ग भी यहां आ चुके हैं. अगर आप पहले कभी यहां नहीं गए हैं, तो एक बार जरूर जाएं. यहां आपको ध्यान लगाने, भक्ति करने और खुद के साथ समय बिताने का अच्छा मौका मिलेगा, जिससे मन को सुकून और शांति मिलती है.

ऋषिकेश

ऋषिकेश भी एक ऐसी जगह है जहां विराट कोहली जाते रहते हैं. यहां पवित्र गंगा नदी बहती है और कई आश्रम हैं, जहां लोग योग और मेडिटेशन करते हैं. इसलिए यह जगह मन को शांत करने और खुद को तरोताजा महसूस करने के लिए बहुत बढ़िया मानी जाती है. यहां आने वाले लोग त्रिवेणी घाट की गंगा आरती का भी खूबसूरत नजारा देख सकते हैं. कुछ समय पहले विराट कोहली और अनुष्का शर्मा भी अपने आध्यात्मिक सफर के दौरान ऋषिकेश में स्वामी दयानंद गिरी के आश्रम पहुंचे थे. 

Advertisement

प्रेमानंद महाराज आश्रम, वृंदावन

उत्तर प्रदेश का वृंदावन भगवान कृष्ण की नगरी के रूप में जाना जाता है. यह जगह बहुत शांत और आस्था से भरी हुई है. विराट कोहली, जो भगवान कृष्ण के प्रति अपनी भक्ति कई बार जता चुके हैं. कई बार अपनी पत्नी अनुष्का शर्मा और बच्चों वामिका और अकाय के साथ आध्यात्मिक गुरु प्रेमानंद महाराज जी के दर्शन करने आए थे. वृंदावन के मंदिर, कीर्तन और धार्मिक माहौल आपको भक्ति में डूबने और मन की शांति पाने का मौका देते हैं. अगर आप भी आध्यात्मिक सुकून की तलाश में हैं, तो यह जगह आपके लिए बिल्कुल सही है.

गोल्डन टेंपल, अमृतसर

अमृतसर का गोल्डन टेंपल, जिसे हरमंदिर साहिब भी कहा जाता है, एक बहुत पवित्र और शांत जगह है. साल 2016 में एशिया कप टी20 से पहले, जब विराट कोहली टीम के कप्तान थे, तब वह अपने परिवार के साथ यहां माथा टेकने पहुंचे थे. दर्शन के बाद विराट ने कहा था कि यहां आकर उन्हें बहुत सुकून और खुशी महसूस हुई और वह खुद को धन्य मानते हैं. अगर आप भी आध्यात्मिक शांति की तलाश में हैं, तो गोल्डन टेंपल जरूर जाएं. यहां आप शांत कीर्तन सुन सकते हैं, पवित्र सरोवर देख सकते हैं और लंगर में सेवा का अनुभव कर सकते हैं, जो दिल को अलग ही सुकून देता है.

Advertisement

महाकालेश्वर मंदिर, उज्जैन

उज्जैन का महाकालेश्वर मंदिर भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक है और बहुत शक्तिशाली आध्यात्मिक स्थल माना जाता है. विराट कोहली और उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा यहां भी अक्सर महाकाल के दर्शन जाते रहते हैं. अनुष्का शर्मा ने कहा था कि वे यहां पूजा करने आए थे और उन्हें बहुत अच्छे दर्शन हुए. अगर आप मन की शांति और सुकून ढूंढ रहे हैं, तो महाकालेश्वर मंदिर आपके लिए एक बेहतरीन जगह हो सकती है. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement