scorecardresearch
 

पेट्रोल के ₹800 मांगे, तो युवक ने सेल्समैन के सीने में मार दी गोली, CCTV में कैद हुई वारदात

राजस्थान के अलवर में महज 800 रुपये के पेट्रोल के भुगतान को लेकर एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. नकाबपोश युवक ने पेट्रोल भरवाने के बाद जब सेल्समैन ने पैसे मांगे तो उसने कट्टा निकालकर सीने में गोली मार दी. पूरी घटना CCTV में कैद हो गई. पुलिस ने नाकाबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

Advertisement
X
नाकाबंदी में दबोचा गया आरोपी.(Photo: Screengrab)
नाकाबंदी में दबोचा गया आरोपी.(Photo: Screengrab)

राजस्थान के अलवर में शनिवार को दिनदहाड़े पेट्रोल पंप पर हुई फायरिंग की वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. सदर थाना क्षेत्र के बुर्जा स्थित नायरा कंपनी के पेट्रोल पंप पर एक नकाबपोश बाइक सवार युवक पेट्रोल भरवाने पहुंचा था. उसने अपनी बाइक में करीब 800 रुपये का पेट्रोल भरवाया, लेकिन पैसे देने के बजाय बहाने बनाने लगा.

जब पेट्रोल पंप पर मौजूद सेल्समैन ने उससे पैसे मांगे और भुगतान करने का दबाव बनाया, तो आरोपी अचानक हिंसक हो गया. उसने जेब से अवैध कट्टा निकाला और सीधे सेल्समैन के सीने पर गोली चला दी. गोली लगते ही सेल्समैन सचिन जमीन पर गिर पड़ा और मौके पर अफरा-तफरी मच गई.

यह भी पढ़ें: मकान की EMI भरने के लिए 'अंकल' का मर्डर, अलवर में बुजुर्ग की हत्या का 12 घंटे में खुलासा

गोली चलाने के बाद आरोपी बाइक लेकर मौके से फरार हो गया. पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई, जिसने पुलिस जांच में अहम सुराग बन गया है.

पैसे मांगने पर चला दी गोली, गंभीर रूप से घायल हुआ सेल्समैन

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी शुरुआत से ही भुगतान करने में आनाकानी कर रहा था. काफी समझाने के बावजूद उसने पेट्रोल के 800 रुपये नहीं दिए. जैसे ही सेल्समैन ने दोबारा पैसे मांगे, उसने बिना किसी हिचकिचाहट के कट्टा निकाल लिया और फायरिंग कर दी.

Advertisement

गोली सीधे सचिन के सीने में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद पेट्रोल पंप पर मौजूद कर्मचारियों और ग्राहकों में भगदड़ मच गई. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल को संभाला और पुलिस को सूचना दी.

सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी. वहीं, घायल सचिन को तत्काल अलवर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है.

CCTV फुटेज से मिला सुराग, नाकाबंदी में दबोचा गया आरोपी

घटना के बाद पुलिस ने पूरे जिले में नाकाबंदी कर दी और संदिग्ध वाहनों की सघन जांच शुरू की. CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और उसकी गतिविधियों पर नजर रखी गई.

नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने आरोपी बाइक सवार को हिरासत में ले लिया. बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस उससे लगातार पूछताछ कर रही है. साथ ही घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार और पूरे घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है.

देखें वीडियो...

पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किसी आपराधिक गिरोह से जुड़ा है या उसने वारदात को अकेले अंजाम दिया. मामले में सभी पहलुओं की गहन जांच जारी है.

Advertisement

आईजी बोले- आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ जारी

अलवर में हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस अधिकारियों ने मौके का जायजा लिया. पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई तेज की गई, जिसके चलते आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया गया.

आईजी राहुल प्रकाश ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है. घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार, वारदात की वजह और अन्य संभावित पहलुओं की जांच जारी है. पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

इस दिनदहाड़े फायरिंग की घटना ने अलवर में कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है, जबकि घायल सेल्समैन का अस्पताल में इलाज जारी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement