हर महिला की चाहत होती है कि उसकी त्वचा हमेशा खिली-खिली, सुंदर और जवां नजर आए. लेकिन आज की भागदौड़ भरी जिंदगी, असंतुलित खानपान, पोषण की कमी और प्रदूषण के साथ-साथ धूप का सीधा असर हमारी त्वचा की चमक छीन लेता है. इन कारणों से स्किन न केवल बेजान और बुझी-बुझी दिखने लगती है बल्कि समय से पहले झुर्रियां और ढीलापन उसे बूढ़ा दिखाने लगता है.
चेहरे को जवान बनाएंगी ये 2 चीजें
हालांकि महंगे और केमिकल युक्त प्रोडक्ट्स के बजाय अगर हम अपनी रसोई में मौजूद प्राकृतिक चीजों पर भरोसा करें तो त्वचा को फिर से वही खोया हुआ निखार और कसावट दी जा सकती है. शहद और मलाई का पैक भी एक ऐसा ही नेचुरल तरीका है जो त्वचा के लिए एक बेहतरीन प्राकृतिक मॉइस्चराइजर है. यह न केवल रूखेपन को खत्म करता है बल्कि त्वचा को भीतर से पोषण देकर उसे बच्चों जैसी कोमल बनाता है.
शहद और मलाई के फायदे
शहद डेड स्किन हटाने और स्किन की हीलिंग प्रॉसेस को तेज करने में मदद करता है. शहद में एंजाइम्स, एंटीबैक्टीरियल, एंटीऑक्सीडेंट और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण पाए जाते हैं जो स्किन से फाइन लाइंस, झुर्रियां, डलनेस और ड्राईनेस को कम करते हैं. अनपाश्चराइज्ड शहद स्किन के लिए ज्यादा असरदार माना जाता है.
मलाई में फैट्स और लैक्टिक एसिड होता है जो त्वचा की गहराई तक जाकर नमी सोखता है. मलाई त्वचा की डेड सेल्स को हटाती है और काले घेरे और दाग-धब्बों को हल्का करने में मदद करती है.
इस्तेमाल कैसे करें?
इसके लिए आप एक छोटी कटोरी में 1 चम्मच ताजी मलाई और 1 चम्मच शुद्ध शहद मिलाएं.
इस पेस्ट को साफ चेहरे और गर्दन पर लगाएं.
5-10 मिनट तक हल्के हाथों से सर्कुलर मोशन में मसाज करें.
20 मिनट के लिए छोड़ दें और फिर गुनगुने पानी से धो लें.
अच्छे रिजल्ट के लिए आप इसे हफ्ते में 3 से 4 बार अप्लाई कर सकते हैं.