पिछले कुछ दिनों से भारत के ज्यादातर राज्यों खासकर दिल्ली-NCR समेत पूरे उत्तर भारत में चिलचिलाती गर्मी पड़ रही है. लू और गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है. गर्मी के मौसम में जैसे-जैसे पारा चढ़ता है, शरीर की एनर्जी कम होने लगती है और आप हर वक्त थके डिहाइड्रेटेड महसूस करते हैं.
ऐसे में भारत का सुपरफूड माना जाने वाला सत्तू आपको इस गर्मी में काफी राहत दे सकता है. भुने हुए चनों को पीसकर बनने वाला प्रोटीन और फाइबर से भरपूर सत्तू शरीर को अंदर से ठंडा रखता है और गर्मी में एनर्जी भी देता है. अगर आप गर्मियों में सॉफ्ट ड्रिंक्स की जगह सत्तू पीते हैं तो यह आपकी सेहत को बेमिसाल फायदे मिलेंगे. यहां हम आपको सत्तू का नमकीन शरबत बनाने की झटपट वाली रेसिपी शेयर कर रहे हैं.
सत्तू के शरबत की रेसिपी
सत्तू - 3 बड़े चम्मच
ठंडा पानी - 1 गिलास
भुना जीरा पाउडर - आधा छोटा चम्मच
काला नमक - स्वादानुसार
नींबू का रस
बारीक कटा प्याज और हरी मिर्च
पुदीने की पत्तियां
बनाने का तरीका
एक बड़े गिलास में सत्तू निकालें और थोड़ा सा पानी डालकर गुठलियां खत्म होने तक मिलाएं.
अब बचा हुआ ठंडा पानी डालें और अच्छी तरह घोल लें.
इसमें काला नमक, भुना जीरा, नींबू का रस और कटी हुई मिर्च-प्याज डालें. आप इस दौरान इसमें हल्का गुड़ मिला सकते हैं जो टेस्ट को बैलेंस करेगा.
पुदीने की पत्तियों के साथ ठंडा-ठंडा सर्व करें. आप चाहें तो इसमें मिश्री या गुड़ डालकर मीठा शरबत भी बना सकते हैं.