scorecardresearch
 

Chana Dal Laddoo: बेसन के लड्डू बहुत खा लिए, अब घर पर बनाएं भुने चने की दाल के खस्ता लड्डू, आसान है रेसिपी

Chana Dal Laddoo: अगर आपको भी रोज डिनर के बाद थोड़ा सा मीठा खाने का शौक है तो क्यों न आप इस आदत को हेल्दी आदत में बदल डालें और मीठे की क्रेविंग को शांत करने के लिए प्रोटीन से भरपूर चने की दाल के लड्डुओं को घर पर बनाएं. चने की दाल का सोंधापन और देसी घी की महक मिलकर इस होममेड लड्डू को इतना परफेक्ट बनाएंगे कि हर कोई उंगलियां चाटता रह जाएगा.

Advertisement
X
ये हैं चने की दाल के लड्डू (Photo: ITG)
ये हैं चने की दाल के लड्डू (Photo: ITG)

Chana Dal Laddoo: त्योहारों का मौका हो या कुछ मीठा खाने की क्रेविंग हमारे दिमाग में सबसे पहले बेसन या बूंदी के लड्डू का ख्याल आता है. लेकिन लगातार एक जैसा स्वाद खाकर अगर आप कुछ नया और सोंधा ट्राई करना चाहते हैं तो इस बार बनाएं चने की दाल के लाजवाब दानेदार लड्डू. कई लोग इसे चना दाल पिन्नी भी कहते हैं. अक्सर घरों में शिकायत होती है कि दाल को भूनते समय वो जल जाती है या फिर लड्डू मुंह में चिपकने लगते हैं.

लेकिन साबुत चने की दाल को भिगोकर, दरदरा पीसकर और फिर शुद्ध देसी घी में धीमी आंच पर भूनकर जब आप इसके लड्डू बांधेंगे तो इसका दानेदार टेक्सचर और सोंधापन किसी भी महंगी हलवाई की मिठाई को मात दे देगा. आइए जानते हैं चने की दाल के परफेक्ट लड्डू बनाने की वो सीक्रेट ट्रिक्स और आसान रेसिपी, जिसे खाकर हर कोई कहेगा कि यह तरीका पहले क्यों नहीं बताया.

आवश्यक सामग्री:

चने की दाल: 1 कप

दूध: 1.5 कप (दाल भिगोने के लिए)

शुद्ध देसी घी: 1/2 कप

चीनी पाउडर या तगार/बूरा: 1 कप (या स्वादानुसार)

इलायची पाउडर: 1 छोटा चम्मच

कते हुए ड्राई फ्रूट्स: 2 बड़े चम्मच (काजू, बादाम, पिस्ता)

बनाने की विधि 

सबसे पहले चने की दाल को साफ करके अच्छी तरह धो लें. अब इसे 1.5 कप दूध में कम से कम 3 से 4 घंटे के लिए भिगोकर रख दें ताकि दाल अच्छी तरह फूल जाए.

Advertisement

भीगी हुई दाल को दूध से छानकर अलग कर लें. बचे हुए दूध का इस्तेमाल आप आटा गूंथने या किसी अन्य डिश में कर सकते हैं. अब दाल को मिक्सी जार में डालकर बिना पानी डाले थोड़ा सा दरदरा पीस लें.

एक भारी तले की कड़ाही में आधा कप देसी घी गर्म करें. घी पिघलने पर इसमें पिसी हुई चने की दाल डालें. गैस की आंच को बिल्कुल धीमा रखें और कलछी से लगातार चलाते हुए दाल को भूनें. इसे तब तक भूनना है जब तक दाल का रंग सुनहरा न हो जाए और वह कड़ाही में सूजी की तरह दानेदार होकर बिखरने न लगे. इसमें करीब 15-20 मिनट लगेंगे.

जब दाल अच्छी तरह भून जाए और उसमें से घी अलग होकर सोंधी खुशबू आने लगे, तो गैस बंद कर दें. अब इसमें इलायची पाउडर और बारीक कटे हुए ड्राई फ्रूट्स मिला दें.

भुने हुए इस मिश्रण को एक परात में निकालें और हल्का ठंडा होने दें. जब मिश्रण छूने लायक गुनगुना रह जाए, तब इसमें 1 कप चीनी पाउडर या बूरा डालकर हाथों से अच्छी तरह मिक्स करें.

अब थोड़ा-थोड़ा मिश्रण हाथों में लेकर दबाते हुए एकदम गोल-गोल और परफेक्ट साइज के सोंधे लड्डू बांध लें. आपके मुंह में जाते ही घुल जाने वाले चने की दाल के टेस्टी लड्डू तैयार हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement