Crispy Imarti Recipe: घर पर ऐसे बनाएं हलवाई जैसी कुरकुरी और रसीली इमरती, रेसिपी है बेहद आसान
Crispy Imarti Recipe: अगर आप किसी खास मौके या वीकेंड पर घर में कुछ मीठा बनाना चाहते हैं तो इमरती आपके लिए बेस्ट ऑप्शन हो सकती है. आज हम आपको इस पारंपरिक मिठाई को घर पर बनाने की आसान रेसिपी बताएंगे.
Crispy Imarti Recipe: इमरती भारत की मशहूर पारंपरिक मिठाइयों में से एक है, जिसे कई जगहों पर जानगिरी के नाम से भी जाना जाता है. इसका स्वाद और बनाने का तरीका काफी हद तक जलेबी जैसा होता है. इसकी खास बात यह है कि ये गर्म खाने में जितनी टेस्टी लगती है ठंडी होने पर भी इसका स्वाद बरकरार रहता है. आज हम आपको घर पर हलवाई जैसी टेस्टी इमरती बनाना बताएंगे, जिसे आप बेहद आसानी से घर पर किसी खास मौकों पर बना सकते हैं.
इमरती बनाने के लिए किन-किन चीजों की जरूरत होती है?
2 कप धुली उड़द दाल (रातभर भिगोई हुई)
3 कप चीनी
1½ कप पानी
½ छोटा चम्मच इलायची पाउडर
घी या तेल (तलने के लिए)
एक चुटकी केसरिया फूड कलर (ऑप्शनल)
इमरती बनाते कैसे हैं?
इमरती बनाने के लिए सबसे पहले भीगी हुई उड़द दाल को धोकर बिना ज्यादा पानी डाले बारीक पीस लें. इसमें केसरिया फूड कलर मिलाकर घोल को अच्छी तरह फेंटें, ताकि वह हल्का और फूला हुआ हो. अगर मौसम गर्म है तो इसे 3 से 4 घंटे के लिए ढककर रख दें.
अब एक पैन में चीनी और पानी डालकर चाशनी तैयार करें. इसे मीडियम गैस पर पकाएं और लगातार चलाते रहें. जब एक तार की चाशनी तैयार हो जाए तो इसमें इलायची पाउडर मिला दें.
इसके बाद तैयार दाल के घोल को इमरती बनाने वाले कपड़े, पाइपिंग बैग या मोटे प्लास्टिक बैग में भर लें और एक छोटा छेद कर दें.
अब कड़ाही में घी या तेल गर्म करें और मीडियम गैस पर गोल-गोल घुमाते हुए इमरती बनाएं. जलेबी की तुलना में इमरती में थोड़ा ज्यादा घुमाव दिया जाता है. इसे दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें.
अब तली हुई इमरती को तुरंत तैयार गर्म चाशनी में 3 से 4 मिनट के लिए डुबो दें, ताकि वह अच्छी तरह चाशनी सोख ले. इसके बाद निकालकर एक्सट्रा चाशनी टपकने दें.
अब आपकी गर्मागर्म, कुरकुरी और रसीली इमरती तैयार है. इसे गर्म या ठंडा, दोनों तरह से परोस सकते हैं.