Dahi Paratha Recipe: सुबह नाश्ते में मिनटों में बनाएं खस्ता दही पराठा, स्वाद ऐसा कि हर कोई पूछेगा रेसिपी
Dahi Paratha Recipe: आपने कई तरह के पराठे खाए होंगे लेकिन क्या कभी दही से बनने वाला खस्ता पराठा खाया है. अगर नहीं तो आज हम आपको दही से बनने वाले पराठे की आसान रेसिपी बताएंगे, जिसे आप मिनटों में सुबह के नाश्ते में तैयार कर सकते हैं.
Advertisement
X
गर्मियों में नाश्ते के लिए बेस्ट है दही वाला पराठा (Photo-ITG)
Dahi Paratha Recipe: सुबह के नाश्ते में अगर गरमा-गरम और खस्ता पराठा मिल जाए तो मजा ही आ जाता है. वैसे तो आपने कई तरह के पराठे खाए होंगे लेकिन क्या आपने कभी दही पराठा ट्राई किया है. दही और दूध के कॉम्बिनेशन से बनने वाला यह पराठा आम पराठों की तुलना में थोड़ा ज्यादा सॉफ्ट, मखमली और स्वाद में लाजवाब होता है.
सबसे अच्छी बात यह है कि इसे बनाने के लिए न ज्यादा सामान की जरूरत पड़ती है और न ही ज्यादा समय लगता है. आप इसे सुबह की जल्दबाजी में भी आसानी से बना सकते हैं. तो आइए जानते हैं घर पर टेस्टी और खस्ता दही पराठा कैसे बना सकते हैं और इसे बनाने के लिए किन-किन चीजों की जरूरत पड़ती है.
2 कप गेहूं का आटा
½ कप ताजा दही
½ कप दूध
1 छोटा चम्मच तेल (आटा गूंथने के लिए)
2 छोटा चम्मच पिसी चीनी
½ छोटा चम्मच नमक
½ कप कॉर्नफ्लोर
¼ कप तेल
चिली फ्लेक्स
बारीक कटा स्प्रिंग अनियन
दही पराठा बनाते कैसे हैं?
सबसे पहले एक बड़े बाउल में दही, दूध, नमक और थोड़ा सा चीनी डालकर अच्छी तरह फेंट लें. अब इसमें धीरे-धीरे आटा मिलाते जाएं और नरम आटा गूंध लें. ध्यान रखें कि आटा ज्यादा सख्त न हो, तभी पराठा सॉफ्ट बनेगा. आखिर में थोड़ा तेल डालकर 5–7 मिनट तक अच्छी तरह गूंधें. अब इसे ढककर कम से कम 30 मिनट के लिए रख दें.
अब एक छोटी कटोरी में कॉर्नफ्लोर और तेल डालकर स्मूद पेस्ट बना लें. यह पेस्ट पराठे में परतें बनाने में मदद करेगा.
इसके बाद आटे की एक लोई लें और उसे पतली व बड़ी रोटी की तरह बेल लें. इसके ऊपर कॉर्नफ्लोर वाला पेस्ट बराबर फैलाएं.
अब रोटी के किनारों से बीच की तरफ हल्के कट लगाएं. हर कट के ऊपर थोड़ा चिली फ्लेक्स और बारीक कटा स्प्रिंग अनियन डालें. इससे पराठे में हल्का स्पाइसी और शानदार फ्लेवर आएगा.
अब कटे हुए हिस्सों को एक-एक करके सेंटर की तरफ मोड़ते जाएं. इस तरीके से पराठे में कई खूबसूरत परतें बनेंगी. फोल्ड करने के बाद लोई को 10 मिनट तक आराम दें, ताकि लेयर्स अच्छे से सेट हो जाएं.
अब तैयार लोई को हल्के हाथों से बेलें, ताकि उसकी परतें टूटें नहीं. तवा मीडियम गैस पर गर्म करें और पराठे को तवे पर डाल दें.
दोनों तरफ हल्का सेकने के बाद घी या तेल लगाएं और सुनहरा होने तक पकाएं.
तवे से उतारने के बाद पराठे को हल्के हाथों से दबाकर या झटका देकर थोड़ा मसलें. इससे उसकी सारी लेयर्स खुल जाएंगी और पराठा बिल्कुल ढाबा-स्टाइल लच्छा पराठे जैसा लगेगा.
अब तैयार पराठे को दही, अचार या पनीर करी के साथ गर्मागर्म परोसें.