सोशल मीडिया पर लक्ष्मी की पूजा का एक वीडियो वायरल हो रहा है. दरअसल, ये वीडियो घर की ऑरिजनल लक्ष्मी की पूजा का है. अब आप यही सोच रहे होंगे कि लक्ष्मी पूजा तो सुना है पर ये ऑरिजनल लक्ष्मी की पूजा का क्या मतलब है. चौंकिए मत, आपको बता दें कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में कुछ पुरुष घर की महिलाओं को लक्ष्मी के रूप में पूज रहे हैं.
ये वीडियो दिवाली के दिन का है, क्योंकि वहीं पास में टेबल पर हैप्पी दिवाली लिखा है. चूंकि दिवाली के दिन मां लक्ष्मी की पूजा की जाती है और वीडियो में पुरुष इस मौके पर घर की महिलाओं की पूजा कर ऑरिजनल लक्ष्मी की पूजा का संदेश दे रहे हैं.
इस वीडियो में एक पुरुष और दो युवक हैं. वहीं तीन महिला सोफे पर बैठी हैं. पुरुष फर्श पर बैठ महिलाओं को श्रद्धा से पूज रहे हैं. वहीं पूजा के दौरान 'ओम जय लक्ष्मी माता, मैया जय लक्ष्मी माता. तुमको निशदिन सेवत, मैया जी को निशदिन' गाना भी बज रहा है.
वीडियो में पुरुष, महिलाओं को टीका लगाते हुए उनके सामने हाथ जोड़ते हैं और फिर पांव छूते हैं. इसके बाद वे पुरुष उन महिलाओं से आशीर्वाद लेते हैं....पुरुष महिलाओं की ठीक वैसे ही पूजा कर रहे हैं, जिस तरह मां लक्ष्मी की पूजा की जाती है.
गौरतलब है कि दिवाली के दिन विशेष रूप से मां लक्ष्मी की पूजा की जाती है. मान्यता है कि इस दिन लक्ष्मी पूजन करने से मां प्रसन्न होती हैं और घर पर उनका वास होता है. कहा ये भी जाता है कि दिवाली के दिन देवी लक्ष्मी का आगमन हुआ था. साथ ही भगवान राम की अयोध्या वापसी हुई थी.