मशहूर भारतीय सिंगर जुबीन गर्ग की मौत के मामले में उनकी पत्नी गरिमा सैकिया गर्ग ने चल रही जांच और अदालती कार्यवाही पर संतोष जताया है. उनका कहना है कि मामला सही दिशा में आगे बढ़ रहा है. गरिमा सैकिया गर्ग ने शनिवार को कहा कि परिवार को सकारात्मक नतीजे की उम्मीद है.
उन्होंने उम्मीद जताई कि नई पीढ़ी गर्ग की रचनाओं और विचारधारा को आगे बढ़ाती रहेगी और कहा कि उनके नाम पर बनने वाला ट्रस्ट भी इसी दिशा में काम करेगा.
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक अपने पति की मौत की जांच को लेकर सैकिया गर्ग ने बताया, 'प्रक्रिया चल रही है. अभी यह मामला अदालत के सामने है, इसलिए मैं यह नहीं कह सकती कि यह सही दिशा में जा रहा है या नहीं. हालांकि, ऐसा लग रहा है कि यह ठीक तरह से आगे बढ़ रहा है.'
यह भी पढ़ें: लाल किला ब्लास्ट केस: NIA की सप्लीमेंट्री चार्जशीट, डॉक्टर समेत 3 नए आरोपी बनाए गए
बता दें, सिंगापुर में नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल में प्रस्तुति देने से एक दिन पहले, 19 सितंबर को लाजरस द्वीप के पास तैरते समय रहस्यमय परिस्थितियों में गायक डूब गए थे.
असम पुलिस की CID की एक विशेष जांच टीम (SIT) ने मौत की जांच की और दिसंबर में यहां की स्थानीय अदालत में सात आरोपियों के नाम के साथ चार्जशीट दाखिल की. उनमें से चार पर हत्या के आरोप हैं.
वहीं, मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने नवंबर में राज्य विधानसभा में कहा था कि गर्ग की मौत सीधे-सीधे हत्या का मामला था. हालांकि, सिंगापुर पुलिस जिसने अलग से जांच की है, इस नतीजे पर पहुंची है कि इसमें किसी गड़बड़ी का कोई सबूत नहीं है.
दो मुख्य आरोपियों, फेस्टिवल के आयोजक श्यामकानु महंत और गर्ग के मैनेजर सिद्धार्थ शर्मा द्वारा जमानत के लिए उच्च अदालतों का रुख करने पर सैकिया गर्ग ने कहा, 'वे अब सुप्रीम कोर्ट गए हैं, और कानूनी प्रावधानों का इस्तेमाल करना उनका अधिकार है. हमें अपनी कानूनी व्यवस्था और देश के कानून पर भरोसा है. हमें उम्मीद है कि हमें सकारात्मक नतीजा मिलेगा.'