उत्तर भारत में इन दिनों मौसम का मिजाज बदला हुआ है. आसमान में बादलों का डेरा, तेज हवाओं के साथ बारिश की गतिविधिया देखने को मिल रही हैं. मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली-NCR, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तराखंड के कई इलाकों में अगले 24-48 घंटों के लिए बारिश-तूफान का अलर्ट जारी किया है.
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के असर से मौसम में बदलाव आया है.इससे पहले दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के राज्यों में चुभती धूप, बढ़ते तापमान और उमस भरी गर्मी ने लोगों का जीना मश्किल कर रखा था. अब दिल्ली, यूपी, पंजाब से लेकर उत्तराखंड तक मौसम खुशनुमा हो गया है.
मौसम विभाग के मुताबिक, एक शक्तिशाली पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) पिछले 36 घंटों से लगातार उत्तर भारत की ओर बढ़ रहा है. इसके असर से पिछले 12-14 घंटों में राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली-NCR, पंजाब, पश्चिमी मध्य प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है. कई जगहों पर तेज हवाएं भी चलीं, जिससे मौसम अचानक ठंडा हो गया है.
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे में उत्तर भारत के राज्यों में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रह सकता है. पश्चिमी विक्षोभ धीरे-धीरे पूर्व की ओर बढ़ रहा है. अगले 2-3 दिनों तक उत्तर भारत के ज्यादातर हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है. उसके बाद मौसम साफ होने के आसार हैं.
मौसम विभाग ने अगले तीन दिन गर्मी से राहत रहने और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है. इस दौरान राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश समेत कई राज्यों में तेज हवाएं भी चलेंगी. वहीं, पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश हो सकती है.