हवाई सफर को सस्ता करने की दिशा में तमिलनाडु सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. तमिलनाडु सरकार ने हवाई अड्डों पर विमानों में इस्तेमाल होने वाले ईंधन यानी ATF पर VAT दरों में कटौती की है. चेन्नई एयरपोर्ट पर टैक्स 29% से घटाकर 16% कर दिया गया है, जबकि अन्य हवाई अड्डों पर इसे घटाकर 1% कर दिया गया है. केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू और इंडिगो एयरलाइंस ने सरकार के इस फैसले की सराहना की है.
राम मोहन नयाडू ने X पर पोस्ट करते हुए तमिलनाडु सरकार की सराहना की है. उन्होंने इसे विमानन क्षेत्र के लिए स्वागत योग्य कदम बताया. उन्होंने लिखा, 'इस पहल के लिए मुख्यमंत्री विजय को धन्यवाद.' उन्होंने कहा कि हवाई यात्रा को किफायती बनाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार को मिलकर काम करने की जरूरत है.
इंडिगो एयरलाइंस ने भी इस फैसले की सराहना की है. इंडिगो ने X पर पोस्ट करते हुए विजय सरकार का धन्यवाद किया है. उन्होंने इसे स्वागत योग्य बताते हुए कहा कि यह फैसला एयर कनेक्टिविटी और पर्यटन को बढ़ावा देगा.
यह भी पढ़ें: 'तमिलनाडु का 5110 करोड़ का फंड बिना शर्त जारी करे केंद्र', PM मोदी के सामने बोले थलपति विजय
इंडिगो ने लिखा, 'ऐसे कदम एयर कनेक्टिविटी को मजबूत करते हैं, राज्य के पर्यटन और आर्थिक विकास में मदद करते हैं, और भारत में एक बेहतर एविएशन इकोसिस्टम बनाने में योगदान देते हैं.'
बता दें, शुक्रवार को तमिलनाडु सरकार ने विमान में इस्तेमाल होने वाले ईंधन पर टैक्स कम करने का फैसला लिया. चेन्नई एयरपोर्ट पर अब VAT 29% से घटकर 16% कर दिया गया है. जबकि राज्य के बाकी एयरपोर्ट पर इसे घटाकर मात्र 1% कर दिया गया है.