उत्तराखंड में भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक मामले को लेकर एक बार फिर सियासत शुरू हो गई है. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने राज्य की बीजेपी सरकार पर हमला बोलते हुए 17 जुलाई को देहरादून जाने का ऐलान किया है. उन्होंने उत्तराखंड को पेपर लीक का 'केंद्र' बताया है और आरोप लगाया कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है.
राहुल गांधी ने उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) की परीक्षाओं का जिक्र करते हुए व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि यहां नियुक्तियों के लिए एक गलत व्यवस्था काम कर रही है.
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, '17 जुलाई को देहरादून आ रहा हूं. पर उत्तराखंड ही क्यों? क्योंकि देवभूमि को पेपर लीक का Epicentre बना दिया गया है.'
सरकार के दावों पर सवाल
राहुल गांधी ने पोस्ट में आगे लिखा, 'UKSSSC परीक्षा में यहां एक सिस्टम बैठ गया है, जहां पटवारी, लेखपाल, या कोई और पद काबिलियत से नहीं, अपराधियों के तय किए रेट से मिलता है.' उन्होंने सरकार के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार ने सख़्त नकल-विरोधी कानून बनाया, लेकिन इसके बावजूद पेपर लीक होते रहे. उनके मुताबिक, ये कानून सिर्फ कागज पर ही सीमित रहा और परीक्षाओं के पेपर खुले बाजार में बिकते रहे.
'ये पेपर लीक नहीं, युवा के रोजगार की चोरी है'
कांग्रेस नेता ने परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों का दर्द साझा करते हुए इसे युवाओं के हक की चोरी करार दिया. उन्होंने कहा, 'जरा सोचिए, एक बच्चे ने सालों तैयारी की. फॉर्म भरा, फीस दी, दूर के सेंटर तक गया. और उसका पद किसी और ने खरीद लिया. ये लीक नहीं, ये चोरी है. उस युवा के हक की, उसके रोजगार की, उसके भविष्य की.'
'छात्रों की गूंज' अभियान से जुड़ने की अपील
राहुल गांधी ने उत्तराखंड के सभी अभ्यर्थियों, छात्रों और युवाओं से इस मुहिम का हिस्सा बनने की अपील की है. उन्होंने कहा कि ये लड़ाई युवाओं के भविष्य की है और वो इस लड़ाई में पूरी तरह उनके साथ खड़े हैं.
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड में राहुल गांधी की रैली का बदला गया वेन्यू, परेड ग्राउंड की परमिशन रद्द
अपने इस दौरे और अभियान को लेकर उन्होंने नारा दिया, '17 जुलाई, देहरादून. आइए, छात्रों की गूंज को हुंकार बनाएं. भविष्य नीलाम नहीं होने देंगे. सपने लीक नहीं होने देंगे.' इसके साथ ही उन्होंने युवाओं को इस अभियान से जोड़ने के लिए एक फॉर्म लिंक भी शेयर किया है.