लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि विरोध प्रदर्शनों से ज्ञानेश कुमार की नींद उड़ गई है. राहुल गांधी ने सवाल उठाया कि ज्ञानेश कुमार इस्तीफा कब देंगे. ज्ञानेश कुमार के साथ ही राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा. उन्होंने दावा किया कि सरकार के 200 अफसर उनके संपर्क में हैं और उन्हें सारी जानकारी दे रहे हैं.
राहुल गांधी ने कहा, 'ज्ञानेश कुमार आपकी नींद उड़ गई है. हम आपको बख्शेंगे नहीं. हमें आपके अतीत और आपके भ्रष्टाचार के बारे में पता है.'
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राहुल गांधी ने दावा किया कि सरकार के 200 अफसर विपक्ष के संपर्क में हैं और उन्हें जानकारी दे रहे हैं. उन्होंने कहा, 'आपकी सरकार के 200 अफसर हमारे संपर्क में हैं और हमें जानकारी दे रहे हैं.'
राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर ज्ञानेश कुमार को बचाने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि पूरी दिल्ली में जिस तरह भारी संख्या में सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है, उससे साफ समझ में आ रहा है कि सरकार ज्ञानेश कुमार को बचाने की कोशिश कर रही है.
दिल्ली को किला बना दिया गया: राहुल गांधी
उन्होंने कहा, 'हम चाहते हैं कि वहां पुलिस का घेरा हो. हम चाहते हैं कि देश को पता चले कि आप ज्ञानेश कुमार को बचा रहे हैं.' उन्होंने सवाल किया कि दिल्ली को कैद क्यों किया जा रहा है. राहुल गांधी ने कहा, 'लोगों को दिल्ली आने से रोका जा रहा है. ट्रेन, बसों को रोका जा रहा है. दिल्ली को किला बना दिया गया है. सब जगह पुलिस है.'
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि उन्होंने और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत को पत्र लिखकर मुलाकात का समय मांगा था. लेकिन उन्होंने मिलने से इनकार कर दिया. राहुल गांधी के मुताबिक, CJI ने जवाब दिया और याचिका दायर करने को कहा. राहुल गांधी ने बताया कि आज वे और INDIA ब्लॉक के सांसद सुप्रीम कोर्ट जाएंगे और याचिका दायर करेंगे.
उन्होंने बताया कि वे और INDIA ब्लॉक के सांसद दोपहर तीन बजे सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करेंगे. उन्होंने इसे देश के भविष्य की लड़ाई बताया.