पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बीजेपी की ऐतिहासिक जीत के बाद पार्टी के कार्यकर्ता और नेता जगह-जगह जश्न मना रहे हैं. इस शानदार जीत के बाद अब दिल्ली में केंद्रीय कैबिनेट की एक अहम बैठक हुई. इस बैठक के बाद ब्रीफिंग हुई जिसके बाद केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने वहां मौजूद लोगों के साथ झालमुड़ी खाई.
कैबिनेट बैठक की शुरुआत में सभी मंत्रियों ने पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में मिली बड़ी सफलता के लिए पीएम मोदी के शानदार नेतृत्व की सराहना की. पीएम मोदी ने भी जोर देकर कहा कि अब सभी को मिलकर एक 'उज्ज्वल बंगाल' के निर्माण के लिए पूरी निष्ठा से काम करना चाहिए.
मंत्रियों ने प्रधानमंत्री को बधाई देते हुए कहा कि ये जीत उनके विजन का नतीजा है. वहीं, पीएम मोदी ने बधाई स्वीकार करते हुए सभी का आभार जताया. उन्होंने कहा कि ये जीत असल में जनता की जीत है, जिसका बंगाल के लोग लंबे समय से इंतजार कर रहे थे.
बैठक के दौरान न सिर्फ चुनावी नतीजों पर चर्चा हुई, बल्कि भविष्य की प्लानिंग को लेकर भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंत्रियों से बातचीत की. पीएम मोदी ने अपने सहयोगियों और मंत्रियों को संबोधित करते हुए कहा, 'सत्ता के साथ बड़ी जिम्मेदारी आती है.'
अश्विनी वैष्णव ने खाई झालमुड़ी और संदेश
कैबिनेट की औपचारिक बैठक और ब्रीफिंग के बाद का माहौल काफी हल्का-फुल्का और बंगाल के रंग में रंगा नजर आया. केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कैबिनेट ब्रीफिंग के बाद वहां मौजूद लोगों के साथ बंगाल का प्रसिद्ध स्नैक 'झालमुड़ी' खाई.

नाश्ते में झालमुड़ी के साथ-साथ बंगाल की मशहूर मिठाई 'संदेश' भी परोसी गई. चुनावी जीत के जश्न को मनाने का ये अंदाज काफी चर्चा में रहा. मंत्रियों ने अनौपचारिक बातचीत के दौरान बंगाल की संस्कृति और वहां के जायके का आनंद लिया.

यह भी पढ़ें: बंगाल में BJP की जीत पर सचिवालय नबन्ना में जश्न, कर्मचारी बोले- 15 साल के कुशासन से मुक्ति मिली
पहली बार बंगाल में बीजेपी सरकार
बता दें कि बीजेपी पहली बार बंगाल में सरकार बनाने जा रही है. बीजेपी ने बंगाल में 207 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि 15 सालों से बंगाल की सत्ता पर राज करने वाले टीएमसी महज 80 सीटों पर सिमट गई.