scorecardresearch
 

'ये घड़ियाली आंसू क्यों...', IDBI पर अखिलेश ने बीजेपी को घेरा तो निर्मला ने दिया जवाब

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव पर यूपीए सरकार के दौरान बैंकों की खराब स्थिति को लेकर सवाल उठाए है.

Advertisement
X
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सपा मुखिया अखिलेश यादव पर निशाना साधा है
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सपा मुखिया अखिलेश यादव पर निशाना साधा है

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर यूपीए सरकार के कार्यकाल में बैंकों की स्थिति को लेकर सवाल उठाए. सीतारमण ने कहा कि 2004 से समाजवादी पार्टी का समर्थन यूपीए सरकार को प्राप्त था, लेकिन उस दौरान बैंकों की बदहाल स्थिति को लेकर अखिलेश यादव ने अपने सहयोगी दलों से कोई सवाल नहीं पूछा.

निर्मला सीतारमण ने अखिलेश यादव को संबोधित करते हुए लिखा, '2004 से आपकी पार्टी का समर्थन यूपीए को प्राप्त था. यूपीए ने बैंकों को जिस बदहाल स्थिति में छोड़ दिया था, उसे देखते हुए आश्चर्य होता है कि आज आप बैंकों की बात कर रहे हैं, जबकि उस समय आपने अपने सहयोगी दलों से सवाल तक नहीं पूछा.'

'फोन बैंकिंग से बैंकों को बर्बाद किया'

वित्त मंत्री ने आरोप लगाया कि आज INDIA गठबंधन में शामिल दलों ने यूपीए सरकार के दौरान 'फोन बैंकिंग' और 'क्रोनी कैपिटलिज्म' के जरिए सरकारी बैंकों को नुकसान पहुंचाया था. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के समर्थन वाली यूपीए सरकार के कार्यकाल में IDBI बैंक ने ऐसे लोगों को कर्ज दिए, जिनसे मूलधन और ब्याज की वसूली के लिए आज भी प्रयास करने पड़ रहे हैं.

Advertisement

'NDA सरकार ने बैंकिंग व्यवस्था को पुनर्जीवित किया'

निर्मला सीतारमण ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली NDA सरकार ने पारदर्शी नीतियों और पूंजी निवेश के जरिए IDBI बैंक समेत पूरे बैंकिंग तंत्र को पुनर्जीवित किया है. उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार के प्रयासों से बैंकों की वित्तीय स्थिति मजबूत हुई है.

'अब घड़ियाली आंसू क्यों बहा रहे हैं?'

अखिलेश यादव पर हमला जारी रखते हुए वित्त मंत्री ने कहा, 'कमाल है, अब जब बैंकों की स्थिति मजबूत हो चुकी है, तो आप यह झूठी सहानुभूति क्यों दिखा रहे हैं? ये घड़ियाली आंसू क्यों?' 

बता दें कि इससे पहले समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर बीजेपी सरकार पर निशाना साधा था. उन्होंने लिखा था, 'अब तो बस सरकार का खुद को बेचना बाकी रह गया है... ऐसा लगता है कि बीजेपी सरकार ने अपनी दुकान बंद होती देखकर जाते-जाते सब कुछ बेचने की योजना बना ली है. सरकार ने शायद तय कर लिया है कि दुकान पर 'सीजन एंड सेल' का बोर्ड लगाकर सब कुछ बेच दिया जाए और फिर जल्दी से निकल लिया जाए.' उनके इस पोस्ट के बाद वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने यूपीए सरकार के दौरान बैंकों की स्थिति और समाजवादी पार्टी के समर्थन को लेकर अखिलेश यादव पर सवाल उठाए हैं और उन्हें घेरा है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement