दिल्ली के पालम इलाके में हुए भीषण अग्निकांड में एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत के बाद गुरुवार को शोक सभा के दौरान आम आदमी पार्टी और बीजेपी नेताओं के बीच कहासुनी शुरू हो गई और देखते ही देखते नौबत हाथापाई तक पहुंच गई. जिससे मौके पर तनाव फैल गया. इस झड़प में पूर्व AAP विधायक को भी चोट लगने की भी खबर है. वहीं, स्थिति को बिगड़ता देख मौके पर तैनात पुलिस कर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप किया और दोनों पक्षों के नेताओं को वहां से हटाकर मामले को शांत कराया. वहीं, इस घटना के बाद दिल्ली सरकार ने सिटी वाइड फायर ऑडिट का आदेश दे दिया है.
दरअसल, पालम अग्निकांड में 9 लोगों की मौत के बाद लगातार अलग-अलग पार्टी के नेता पीड़ित परिवार से मुलाकात कर रहे हैं. इसी क्रम में आज आम आदमी पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल शाम पांच बजे पीड़ित परिवार से मुलाकात करने के लिए पहुंचने वाले थे. लेकिन उनके आने से पहले वहां AAP के दिल्ली प्रदेश के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज समेत आम आदमी पार्टी के कई पार्षद-विधायक और नेता मौके पर पहुंच गए.
बताया जा रहा है कि जब आप नेता शोक सभा में बैठे थे, तभी वहां बीजेपी विधायक कुलदीप सोलंकी पहुंच गए. इसी बीच सौरभ भारद्वाज ने बीजेपी विधायक को अपने मोबाइल में वह वीडियो दिखाना शुरू किया, जिसमें बचाव कार्य के दौरान हाइड्रोलिक मशीन फेल होती दिख रही थी.
भारद्वाज ने इस विफलता के लिए भाजपा सरकार को जिम्मेदार ठहराना शुरू किया, जिससे तीखी नोकझोंक छिड़ गई. कुछ ही पलों में यह बहस गाली-गलौज और धक्का-मुक्की में बदल गई. वहां मौजूद कार्यकर्ताओं के बीच जबरदस्त हंगामा हुआ.
विनय मिश्रा को लगी चोट
इसी बीच भीड़ में से किसी व्यक्ति ने कुर्सी उठाकर फेंकी जो सीधे आम आदमी पार्टी के पूर्व विधायक विनय मिश्रा और एक अन्य नेता को जा लगी, जिससे विनय मिश्रा इस हमले में घायल हो गए हैं.
वहीं, स्थिति को बिगड़ता देख मौके पर तैनात पुलिस कर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप किया और दोनों पक्षों के नेताओं को वहां से हटाकर मामले को शांत कराया. घायल नेताओं का प्राथमिक उपचार कराया गया है, जबकि घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है.
केजरीवाल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात
AAP प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने गोवा से दिल्ली लौटते ही एयरपोर्ट से सीधे राजेंद्र कश्यप के घर पहुंचे और परिवार से मुलाकात की. परिवार से बातचीत के बाद उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा, पालम का हादसा बेहद दर्दनाक है. फायर ब्रिगेड समय पर नहीं पहुंची, और उनकी हाइड्रोलिक लिफ्ट भी काम नहीं कर रही थी. अगर समय पर कार्रवाई की गई होती तो कई लोगों की जान बचाई जा सकती थी. मैं शोकाकुल परिवार से मिलने और अपनी संवेदनाएं व्यक्त करने आया था, लेकिन यहां BJP नेता सहानुभूति दिखाने के बजाय हंगामा और बदसलूकी कर रहे थे.
उन्होंने कहा कि एक ऐसा परिवार, जिसने 9 लोगों को खो दिया है, उन्हें डराया और धमकाया जा रहा है। मेरी मांग है कि इस हादसे की निष्पक्ष जांच की जाए.
इसके बाद सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया पर घटना से जुड़ा एक वीडियो साझा करते हुए लिखा, 'ये शोक सभा है. ये कुर्सी बीजेपी के विधायक कुलदीप सोलंकी के गुंडों ने मुझे फेंक के मारी... मुझे नहीं लगी, हमारे पूर्व विधायक विनय मिश्रा के सिर में लगी, वो घायल हुए. सोचिए एक परिवार के 9 लोग इस बीजेपी सरकार की लापरवाही से मर गए और शोकसभा में अरविंद केजरीवाल जी आ रहे थे. ये भाजपा की मानसिकता है.'
फायर ऑडिट का आदेश
पालम हादसे के बाद दिल्ली सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए पूरे शहर में सिटी वाइड फायर ऑडिट कराने के आदेश दे दिए हैं. दिल्ली सरकार के मंत्री आशीष सूद ने बताया कि सिटी वाइड फायर ऑडिट के आदेश दे दिए गए हैं. इसके दायरे में घरेलू बिल्डिंगों को भी रखा गया है. अब कोई सेफ्टी गैप नहीं होगा.
उन्होंने ये भी बताया कि पूरे शहर में हर प्रतिष्ठान की होगी सुरक्षा जांच जरूरी होगी. थर्ड-पार्टी एक्सपर्ट्स इस ऑडिट की मैपिंग करेंगे.