Parliament Monsoon Session संसद के चालू मॉनसून सत्र का पहला हफ्ता हंगामे की भेंट चढ़ गई थी, जबकि दूसरे हफ्ते में लोकसभा से तीन और राज्यसभा से दो बिल पारित हुए थे. अब आज से तीसरा हफ्ता शुरू हो रहा है. तीसरे हफ्ते के पहले दिन बीजेपी पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव के खिलाफ प्रिविलेज मोशन लाने की तैयारी में है.
विपक्ष ने भी सरकार को घेरने के लिए अपनी रणनीति पर मंथन किया. विपक्षी दलों के फ्लोर लीडर्स की बैठक राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर हुई. लोकसभा और राज्यसभा, दोनों सदनों की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी दलों ने हंगामा किया. लोकसभा की कार्यवाही पहले 12 और फिर दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई. वहीं, राज्यसभा भी दो बजे तक के लिए स्थगित करने का ऐलान सभापति सीपी राधाकृष्णन ने कर दिया.
राज्यसभा में विपक्षी सदस्य वेल में आकर नारेबाजी कर रहे हैं. विपक्ष के हंगामे और नारेबाजी के बीच सदन में एमएसएमई बिल पर चर्चा जारी है. चेयर पर उपसभापति हरिवंश हैं.
लोकसभा की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित हो गई है. सुप्रीम कोर्ट में जजों की संख्या बढ़ाने वाला बिल पारित होने के बाद सदन की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित हो गई है.
सुप्रीम कोर्ट में जजों की संख्या बढ़ाने का बिल पारित हो गया है. बिना चर्चा के ही इस बिल को वोटिंग के लिए ले लिया गया और ध्वनिमत से यह पारित हो गया है.
राज्यसभा में सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम विकास (संशोधन) विधेयक 2026 पर चर्चा शुरू हो गई है. इस बिल पर बोलते हुए अजय माकन ने कहा कि सदन में विपक्ष के नेता को बोलने की इजाजत नहीं है. अजय माकन की बात पर नेता सदन जेपी नड्डा और संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने आपत्ति की. जेपी नड्डा ने अजय माकन की बात एक्सपंज करने की मांग की. वहीं, संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि इस तरह का मजाक नहीं करना चाहिए. हम लोग बच्चे हैं क्या. चेयर से परमिशन लेकर माइक लेते हैं और फिर वही बात बोलते हैं. ये इस सदन की गरिमा को गिराने का काम कर रहे हैं ये लोग.
लोकसभा में हंगामे के बीच ही सुप्रीम कोर्ट में जजों की संख्या बढ़ाने का बिल बिना चर्चा पारित करने के लिए ले लिया गया है. कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल इस बिल पर बोल रहे हैं. हंगामे के बीच ही अर्जुन राम मेघवाल इस बिल पर अपनी बात रख रहे हैं.
लोकसभा में सोमवार को हंगामे के बीच दो बिल पेश हुए हैं. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बैंकर्स बुक्स एविडेंस बिल पेश किया. जबकि राव इंद्रजीत सिंह ने भारतीय सांख्यिकी संस्थान बिल पेश किया.
राज्यसभा में भी कार्यवाही शुरू होते ही जोरदार हंगामा शुरू हो गया. विपक्षी सदस्य वेल में आ गए हैं. वेल में आकर विपक्षी सदस्य जोरदार हंगामा और नारेबाजी कर रहे हैं. विपक्षी सदस्य गृह मंत्री सदन में आओ, सदन में आओ सदन में आओ के नारे लगा रहे हैं.
लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही हंगामा शुरू हो गया. स्पीकर की अपील के बावजूद विपक्षी सदस्यों पर इसका कोई असर नहीं हुआ. स्पीकर ओम बिरला ने सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित करने की घोषणा कर दी.
लोकसभा में प्रश्नकाल की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सदस्य वेल में आ गए और नारेबाजी शुरू कर दी. स्पीकर ने इस पर कहा कि क्या पहले से ही फैसला करके आते हो क्या कि सदन नहीं चलने देना. नियोजित तरीके से सदन की कार्यवाही बाधित करना उचित नहीं है. स्पीकर ने सदन की कार्यवाही चलने देने की अपील की और कहा कि अगर असहमति है, तो उसके लिए भी सदन में विचार व्यक्त करना चाहिए.
लोकसभा और राज्यसभा, दोनों सदनों में राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण-रजत और कांस्य पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को बधाई दी गई. लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही स्पीकर ओम बिरला ने चेयर से पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी.
विपक्षी दलों के सांसदों ने संसद भवन के मकर द्वार पर प्रदर्शन किया. सोमवार को संसद की कार्यवाही शुरू होने से पहले विपक्षी सांसद मकर द्वार पर जुटे और अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर प्रोटेस्ट किया.
पूर्णिया के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव के खिलाफ संजय जायसवाल प्रिविलेज मोशन लाएंगे. संजय जायसवाल ने इसके लिए स्पीकर ओम बिरला को नोटिस दे दिया है. इस पर पप्पू यादव ने कहा है कि आप नेहरू, इंदिरा गांधी और मुलायम सिंह यादव को सदन में गाली दे सकते हैं. आप जिसे चाहें, गाली दें ये अच्छा है. आप सदन में विपक्ष के नेता को नहीं बोलने दें, ये अच्छा है. लेकिन जब कोई सदन के बाहर प्रोटेस्ट करता है तब प्रिविलेज का सवाल कहां से आता है? अगर स्पीकर कहेंगे, मैं अपना केस रखूंगा. स्पीकर को एक पत्र भी लिखा है.