scorecardresearch
 

नई पहचान, शादी और परिवार... 36 साल बाद लुटेरे तक ऐसे पहुंची पुलिस

1990 में केरल के तिरुवंबाडी में KSRTC बस के कंडक्टर को बंदूक दिखाकर टिकट कलेक्शन की रकम लूटने के मामले में 36 साल से फरार 71 वर्षीय वीके जोस को कर्नाटक के मैसूर से गिरफ्तार किया गया है. आरोपी नई पहचान 'शिवकुमार' के नाम से रह रहा था और परिवार बसा चुका था. हाल ही में घरेलू विवाद के बाद पुलिस को उसके घर से बंदूक और दस्तावेज मिले, जिससे उसकी असली पहचान सामने आई.

Advertisement
X
बस कंडक्टर से लूट के मामले में चल रहा था फरार. (Photo: Representational )
बस कंडक्टर से लूट के मामले में चल रहा था फरार. (Photo: Representational )

36 साल से फरार चल रहे एक 71 वर्षीय व्यक्ति को कर्नाटक के मैसूर से गिरफ्तार किया गया है. एक एजेंसी के मुताबिक गिरफ्तार शख्स पर आरोप है कि उसने तिरुवंबाडी में बंदूक की नोक पर KSRTC बस के टिकट कलेक्शन की लूट की थी. आरोपी की पहचान केरल के मलप्पुरम जिले के अरिकोड के रहने वाले वीके जोस के तौर पर हुई है.

कंडक्टर को बंदूक दिखाकर की थी लूट
आरोप है कि वह मैसूर के नरसिम्हाराजा इलाके में शिवकुमार के नाम से रह रहा था. पुलिस के मुताबिक 1990 में जोस ने तिरुवंबाडी और कुंबारा के बीच चलने वाली केरल राज्य सड़क परिवहन निगम (KSRTC) की बस के कंडक्टर पर बंदूक तानकर टिकट कलेक्शन की रकम लूट ली थी.

मामले में तिरुवंबाडी पुलिस ने लूट का मामला दर्ज किया था, लेकिन उसे पकड़ नहीं पाई थी. जिसके बाद अदालत ने उसकी गिरफ्तारी का वारंट जारी किया था. पुलिस ने बताया कि घटना के बाद जोस मैसूर भाग गया, वहां उसने नई पहचान अपनाई, शादी की और परिवार बसाया. पुलिस के अनुसार 8 जुलाई को जोस और उसकी पत्नी के बीच घरेलू झगड़े के कारण पुलिस को दखल देना पड़ा.

पुलिस को बिस्तर के नीचे मिली बंदूक
घर की तलाशी के दौरान मैसूर पुलिस को उसके बिस्तर के नीचे से एक बंदूक और कुछ दस्तावेज़ मिले. पुलिस ने बताया कि हथियार और दस्तावेज़ों के बारे में पूछे जाने पर जोस कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया. इसके बाद मैसूर पुलिस ने केरल पुलिस के साथ जानकारी साझा की, जिन्होंने उसके आपराधिक इतिहास की जांच की और पुष्टि की कि वह 1990 के लूट के मामले में वांछित था.

Advertisement

इसके बाद तिरुवंबाडी पुलिस की एक टीम मैसूर के नरसिम्हाराजा पुलिस स्टेशन पहुंची और जोस को हिरासत में ले लिया. पुलिस ने बताया कि बाद में उसे तिरुवंबाडी लाया गया और न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.  

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement