शिवसेना यूबीटी सांसद संजय राउत ने तीन विधानसभा उपचुनावों के नतीजों को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला है. दिल्ली में बयान देते हुए उन्होंने कहा कि यह जनादेश भाजपा के खिलाफ है. राउत ने कहा कि लोगों को राम मंदिर में हुई लूट और जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए हमले पसंद नहीं आए. उन्होंने यह भी कहा कि जनता ने 'मंगल मिलन' को खारिज कर दिया है.
संजय राउत का यह बयान ऐसे वक्त आया है, जब उपचुनावों में भाजपा को कई जगह झटका लगा है. सबसे ज्यादा चर्चा बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट के नतीजे की हो रही है. यहां जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने अपनी चुनावी शुरुआत जीत के साथ की और भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा को करीब 19,324 वोटों से हरा दिया.
यह भी पढ़ें: 'वो होते तो नतीजा कुछ और होता', बांकीपुर की हार पर अनंत सिंह को याद आए नीतीश कुमार
बांकीपुर में बीजेपी की करारी हार!
बांकीपुर सीट पर प्रशांत किशोर को 64,151 वोट मिले, जबकि भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा को 44,827 वोट हासिल हुए. राजद की रेखा कुमारी 14,273 वोट के साथ तीसरे स्थान पर रहीं. यह जीत जन सुराज पार्टी की पहली विधानसभा सीट है और प्रशांत किशोर के लिए भी इसे बड़ी व्यक्तिगत उपलब्धि माना जा रहा है.
बांकीपुर को लंबे समय से भाजपा का गढ़ माना जाता रहा है और यह सीट करीब 30 से 35 साल तक पार्टी के कब्जे में रही. नितिन नवीन के राज्यसभा जाने के बाद हुए इस उपचुनाव में भाजपा ने अपनी पारंपरिक पकड़ बचाने की कोशिश की, लेकिन जनता ने बदलाव का संदेश दिया.
यह भी पढ़ें: बांकीपुर: नितिन नवीन, रविशंकर और रामकृपाल जैसे दिग्गजों के बूथ पर हारी बीजेपी
उपचुनाव में कहां, किसे मिली जीत?
कम मतदान प्रतिशत के बावजूद प्रशांत किशोर की जीत ने बिहार की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है. जीत के बाद उन्होंने कहा कि वे बांकीपुर को रातोंरात बेंगलुरु नहीं बना देंगे, लेकिन विकास के काम जरूर शुरू करेंगे. तीनों उपचुनावों के नतीजे मिलेजुले रहे. मध्य प्रदेश की दतिया सीट पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की, जबकि गुजरात की मांजलपुर सीट पर भाजपा को सफलता मिली. इसके बावजूद विपक्षी दल खासकर बांकीपुर के नतीजे को भाजपा के खिलाफ जनता की नाराजगी का संकेत बता रहे हैं.