आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अयोध्या के राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस को लेकर केंद्र और यूपी की बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि इस मामले में अभी तक कोई भी FIR नहीं हुई है और न ही इस मामले में ईडी-सीबीआई ने छापेमारी की है. उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर सरकार किसे बचा रही है?
केजरीवाल ने एक्स पर वीडियो साझा किया है, जिसमें उन्होंने दावा करते हुए कहा कि अयोध्या के राम मंदिर से करोड़ों-करोड़ों रुपये के चंदे की चोरी हो गई. बताया जा रहा है कि लगभग ₹200 करोड़ का तो कैश ही चोरी हो गया और कई हीरे जवारात के बक्से चोरी हो गए.
उन्होंने हैरानी जताते हुए कहा कि इस मामले में अभी तक एक भी एफआईआर नहीं हुई है. न तो यूपी पुलिस ने कोई एफआईआर की, न ईडी ने कोई रिपोर्ट दर्ज की और न ही सीबीआई ने कोई FIR दर्ज की. साथ ही इस मामले में छापेमारी भी नहीं हुई. केंद्र में और यूपी में दोनों जगह इनकी सरकारें हैं.
केजरीवाल ने अंत में दावा किया कि बताया जा रहा है, बहुत बड़े बड़े नाम शामिल है, कार्रवाई हुई तो सरकार भी गिर सकती है. आपके हिसाब से किसे बचाना जरूरी है सरकार को या करोड़ो करोड़ो लोगों की आस्था को.
उन्होंने एक्स पर अपनी वीडियो साझा कर सरकार से सवाल करते हुए कहा, सरकार किसे बचा रही है? इस पाप में शामिल लोग कितने भी बड़े क्यों न हों, उन्हें सीधे जेल में डालो. करोड़ों लोगों की आस्था की रक्षा जरूरी है.