scorecardresearch
 

Aaj Ki Taza Khabar: पढ़ें 14 जुलाई 2026 की सुबह की बड़ी खबरें और अन्य समाचार

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) की 2028-29 अवधि के लिए अस्थायी सदस्य बनने के अभियान की शुरुआत करते हुए विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा कि भारत एक सुरक्षित, शांतिपूर्ण और न्यायसंगत विश्व के निर्माण के लिए काम करेगा.

Advertisement
X
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में अस्थायी सीट के चुनाव के लिए भारतीय अभियान का आगाज किया. (Photo: X/@DrSJaishankar)
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में अस्थायी सीट के चुनाव के लिए भारतीय अभियान का आगाज किया. (Photo: X/@DrSJaishankar)

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) की 2028-29 अवधि के लिए अस्थायी सदस्य बनने के भारत के आधिकारिक अभियान की शुरुआत की. वहीं, भारत के खिलाफ पहले वनडे मैच के लिए इंग्लैंड ने अपनी प्लेइंग 11 का ऐलान किया. इन खबरों के अलावा, दिल्ली दंगों के दौरान हुई आईबी अफसर अंकित शर्मा की हत्या के मामले में कोर्ट ने ताहिर हुसैन को दोषी ठहराया. पढ़ें मंगलवार सुबह की बड़ी खबरें.

विदेश मंत्री जयशंकर ने UNSC में पेश की भारत की दावेदारी, उठाई संयुक्त राष्ट्र में सुधार की मांग

UNSC की 2028-29 अवधि के लिए अस्थायी सदस्य बनने के भारत के आधिकारिक अभियान की शुरुआत विदेश मंत्री एस जयशंकर ने की. उन्होंने कहा, भारत सुरक्षित, शांतिपूर्ण और न्यायसंगत विश्व के लिए काम करेगा, जहां ग्लोबल साउथ की आवाज़ को समान महत्व मिले. जून 2027 में होने वाले चुनाव में एकमात्र सीट पर भारत का मुक़ाबला ताजिकिस्तान से होगा.

IND vs ENG: पहले वनडे के लिए इंग्लैंड की प्लेइंग-11 का ऐलान, इस खिलाड़ी का होगा डेब्यू

भारत के ख़िलाफ़ पहले वनडे के लिए इंग्लैंड ने प्लेइंग 11 का ऐलान कर दिया. हैरी ब्रूक की कप्तानी वाली टीम में जो रूट, जोस बटलर और जोफ़्रा आर्चर को शामिल किया गया. जैकब बेथेल, बेन डकेट के साथ ओपनिंग करेंगे. भारत-इंग्लैंड का पहला वनडे आज बर्मिंघम के एजबेस्टन में भारतीय समयानुसार दोपहर 3:30 खेला जाएगा.

दिल्ली हिंसा: ताहिर हुसैन दोषी करार, IB अफसर अंकित शर्मा हत्याकांड में बड़ा फैसला

दिल्ली में 2020 दंगों के दौरान हुई IB अफसर अंकित शर्मा की हत्या मामले में कड़कड़डूमा कोर्ट ने पूर्व एमसीडी पार्षद ताहिर हुसैन को दोषी ठहराया है. इस मामले के 11 आरोपियों में से 5 दोषी क़रार दिए गए हैं. अंकित शर्मा की हत्या फ़रवरी 2020 में उत्तर-पूर्वी दिल्ली में हुए दंगों के दौरान हुई थी. इस मामले में अंकित शर्मा के पिता ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी.

ब्रिटेन ने IRGC को आतंकी संगठन किया घोषित, ईरान को बड़ा झटका

ब्रिटेन ने ईरान की सैन्य इकाई IRGC को आतंकवादी संगठन घोषित करने का फ़ैसला किया है. अब ब्रिटेन में IRGC का समर्थन करना आपराधिक अपराध माना जाएगा. सरकार का कहना है कि यह संगठन ऐसी गतिविधियों में शामिल रहा है, जो राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए ख़तरा पैदा करती हैं. IRGC पर प्रतिबंध को लेकर लंबे समय से राजनीतिक बहस चल रही थी.

Advertisement

नगालैंड में असम राइफल्स के वाहन पर IED ब्लास्ट, एक की मौत, 4 घायल

नागालैंड के सुखोवी में असम राइफ़ल्स के वाहन के पास संदिग्ध IED धमाके में हवलदार मोहम्मद इक़बाल शहीद हो गए, जबकि अन्य चार जवान घायल हुए हैं. यह विस्फोट चुमौकेदिमा ज़िले में हुआ. इससे पहले 6 जुलाई को मणिपुर के उखरुल जिले में उग्रवादियों ने असम राइफल्स के काफिले पर हमला किया था, जिसमें दो जवानों की जान गई.

देश के इस हिस्से में भारी बारिश के आसार, दिल्ली-UP में ब्रेक, जानें आज का मौसम

मॉनसून की सक्रियता के बीच आज पूर्वोत्तर भारत, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश का अलर्ट है. असम, मेघालय, अरुणाचल, नागालैंड, मणिपुर, मिज़ोरम और त्रिपुरा में तेज़ बारिश के आसार हैं. वहीं बिहार, झारखंड व ओडिशा में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. फ़िलहाल दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश के कई इलाक़ों में बारिश पर ब्रेक है.

Crude Oil Surge: क्या होने वाला है? होर्मुज पर US-ईरान में घमासान, कच्चा तेल अब $84 के पार

हॉर्मुज़ स्ट्रेट में बढ़ते तनाव के बीच अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में कच्चे तेल की क़ीमतों में तेज़ उछाल आया है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में Brent Crude Oil Price 84.44 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा, तो वहीं WTI Crude Oil Price भी उछलकर 80 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया. वहीं मर्बर क्रूड की कीमत उछाल के साथ 79.34 डॉलर पर ट्रेड कर रही.

Advertisement

Digger Trailer: निकला पेट, बिखरे बाल... एक्शन छोड़ विलेन बने टॉम क्रूज! 'डिगर' ट्रेलर ने बढ़ाई एक्साइटमेंट

टॉम क्रूज की नई फिल्म Digger का ट्रेलर रिलीज हो गया है.  इस फिल्म में टॉम क्रूज अरबपति ऑयल कारोबारी डिगर रॉकवेल का किरदार निभा रहे हैं. फिल्म का डायरेक्शन ऑस्कर विनर अलेजांद्रो जी इन्यारितु ने किया है. यह फिल्म Warner Bros Pictures और Legendary Pictures की ओरिजिनल प्रोडक्शन है. Digger 2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.

वियतनाम नाव हादसा: 15 भारतीयों के शव मुंबई पहुंचे, अब गृह राज्यों में भेजे जाएंगे

वियतनाम के फू क्वोक द्वीप पर हुए दर्दनाक नाव हादसे में जान गंवाने वाले 15 भारतीयों के पार्थिव शरीर लेकर हो ची मिन्ह सिटी से आई फ्लाइट मुंबई एयरपोर्ट पहुंच गई है. यह हादसा 11 जुलाई को हुआ था, उस समय 32 भारतीय पर्यटक और चालक दल के 4 सदस्य नाव में सवार थे. ख़राब मौसम, तेज़ हवाओं और ऊंची लहरों के बीच स्पीडबोट समुद्र में पलट गई थी. 

ईरानी हमले में भारतीय नाविक की मौत... 8 घायल, होर्मुज में UAE के जहाजों पर दागे क्रूज मिसाइल

ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में सोमवार रात संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के दो तेल टैंकरों पर मिसाइल हमले किए. ईरानी क्रूज मिसाइल हमले में एक भारतीय नाविक की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य चालक दल के सदस्य घायल हो गए. घायलों में चार की हालत गंभीर बताई गई है. संयुक्त अरब अमीरात के रक्षा मंत्रालय ने मंगलवार को इस हमले की पुष्टि की.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement