वियतनाम के फू क्वोक द्वीप पर हुए दर्दनाक नाव हादसे में जान गंवाने वाले 15 भारतीयों के पार्थिव शरीर लेकर हो ची मिन्ह सिटी से आई फ्लाइट मुंबई एयरपोर्ट पहुंच गई है. मुंबई एयरपोर्ट पर आंध्र प्रदेश पुलिस की टीम मौजूद है. यहां से आंध्र प्रदेश के तीन मृतकों के पार्थिव शरीर मंगलवार सुबह एयर इंडिया की फ्लाइट से हैदराबाद भेजे जाएंगे. वहीं, केरल के दो लोगों के शव भी दूसरी उड़ान से तिरुवनंतपुरम ले जाए जाएंगे.
जानकारी के मुताबिक, आंध्र प्रदेश के तीन लोगों के पार्थिव शरीर सुबह 5:45 बजे मुंबई से हैदराबाद जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट से भेजे जाएंगे. इसके बाद उन्हें उनके गृह राज्य आंध्र प्रदेश ले जाया जाएगा. जबकि, केरल के कोट्टारक्कारा निवासी ए.सी. थॉमस और उनकी पत्नी लोवेनी थॉमस के पार्थिव शरीर एयर इंडिया की फ्लाइट AI-2605 से तिरुवनंतपुरम भेजे जाएंगे. यह फ्लाइट सुबह 6:30 बजे मुंबई से रवाना होगी, जो सुबह 8:50 तक तिरुवनंतपुरम पहुंचेगी. इसकी जानकारी केरल के मुख्यमंत्री कार्यालय ने भी दी है.
11 जुलाई को हुआ था दर्दनाक हादसा
बता दें कि यह हादसा 11 जुलाई को वियतनाम के मशहूर पर्यटन स्थल फू क्वोक द्वीप के पास हुआ था. उस समय 32 भारतीय पर्यटक और चालक दल के चार सदस्य एक स्पीडबोट में सवार थे. नाव मे रुट द्वीप से एन थोई पोर्ट लौट रही थी, तभी अचानक मौसम खराब हो गया. तेज हवाओं के बीच उठने वाली ऊंची लहरों से स्पीडबोट पूरी तरह असंतुलित हुई और समुद्र में पलट गई.
हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन और राहत एजेंसियों ने बड़े स्तर पर बचाव अभियान चलाया. काफी मशक्कत के बाद 21 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन 15 भारतीय पर्यटकों की डूबने से मौत हो गई. इनमें 10 लोग तमिलनाडु, तीन आंध्र प्रदेश और दो केरल के रहने वाले थे.
फू क्वोक वियतनाम के सबसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों में गिना जाता है. यहां हर साल बड़ी संख्या में विदेशी पर्यटक स्नॉर्कलिंग, डाइविंग और समुद्री सैर का आनंद लेने पहुंचते हैं. इसी यात्रा के दौरान भारतीय पर्यटकों का यह समूह भी स्पीडबोट से लौट रहा था, तभी यह हादसा हो गया.