भारत के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के पहले मुकाबले के लिए इंग्लैंड ने अपनी प्लेइंग-11 का ऐलान कर दिया. हैरी ब्रूक की कप्तानी वाली टीम में जो रूट, जोस बटलर और जोफ्रा आर्चर जैसे अनुभवी खिलाड़ियों को जगह मिली है. वहीं, जैकब बेथेल को बेन डकेट के साथ पारी की शुरुआत करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
भारत और इंग्लैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 14 जुलाई (मंगलवार) को बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर खेला जाना है. मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 3:30 बजे शुरू होगा. टी20 सीरीज 4-0 से अपने नाम करने के बाद इंग्लैंड की नजर अब वनडे सीरीज में भी टीम इंडिया पर दबदबा बनाने की होगी.
देखा जाए तो पहले वनडे के लिए इंग्लैंड ने मजबूत प्लेइंग-11 उतारी है. अनुभवी जो रूट नंबर-3 पर बल्लेबाजी की जिम्मेदारी संभालेंगे. कप्तान हैरी ब्रूक चौथे नंबर पर उतरेंगे. मिडिल ऑर्डर में जोस बटलर इंग्लैंड की सबसे बड़ी ताकत होंगे. भारत के खिलाफ मैदान पर उतरते ही बटलर एक बड़ी उपलब्धि भी अपने नाम कर लेंगे. यह उनके वनडे इंटरनेशनल करियर का 200वां मुकाबला होगा.
जोस बटलर ने 21 फरवरी 2012 को दुबई में पाकिस्तान के खिलाफ अपना वनडे इंटरनेशनल डेब्यू किया था. इसके बाद वह इंग्लैंड के सबसे खतरनाक बल्लेबाजों में शामिल हो गए. अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी और मैच का रुख बदलने की क्षमता के दम पर बटलर ने टीम को कई बड़ी जीतें दिलाई हैं. भारत के खिलाफ हाल ही में खत्म हुई टी20 सीरीज के आखिरी मुकाबले में भी बटलर का बल्ला जमकर गरजा था.
इंग्लैंड ने प्लेइंग-11 में बल्लेबाजी की गहराई के साथ गेंदबाजी में भी कई विकल्प रखे हैं. सैम करन और विल जैक्स ऑलराउंडर की भूमिका निभाएंगे. दोनों खिलाड़ी बल्ले और गेंद से मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं. स्पिन गेंदबाजी में इंग्लैंड के पास तीन विकल्प मौजूद होंगे. विल जैक्स के साथ लियाम डॉसन और आदिल राशिद भारतीय बल्लेबाजों की परीक्षा लेंगे. खासकर मिडिल ओवर्स में राशिद की भूमिका बेहद अहम रहने वाली है.
ये धुरंधर करेगा ओडीआई डेब्यू
तेज गेंदबाजी आक्रमण की जिम्मेदारी जोफ्रा आर्चर और जोश टंग के कंधों पर होगी. टंग का ये ओडीआई क्रिकेट में डेब्यू मुकाबला होगा. टंग इंग्लैंड के लिए टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल में भाग ले चुके हैं. अब वो ओडीआई डेब्यू पर कमाल करन चाहेंगे. सैम करन भी तेज गेंदबाजी में आर्चर और टंग का साथ देंगे. एजबेस्टन की परिस्थितियों को देखते हुए इंग्लैंड का यह गेंदबाजी आक्रमण भारतीय बल्लेबाजों के लिए मुश्किल चुनौती पेश कर सकता है.
दूसरी ओर, टीम इंडिया वनडे सीरीज में बदली हुई तस्वीर के साथ मैदान पर उतरेगी. रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे अनुभवी बल्लेबाज भारतीय दल में हैं, जबकि टीम की कमान शुभमन गिल संभालेंगे. जसप्रीत बुमराह भी भारतीय गेंदबाजी आक्रमण को मजबूती देंगे.
पहले ओडीआई के लिए इंग्लैंड की प्लेइंग-11: जैकब बेथेल, बेन डकेट, जो रूट, हैरी ब्रूक (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), सैम करन, विल जैक्स, जोफ्रा आर्चर, लियाम डॉसन, जोश टंग और आदिल राशिद.