CJP नेता अभिजीत दिपके ने प्रदर्शन जारी रखने का ऐलान किया है. वहीं, पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने खैबर पख्तूनख्वा में इमरजेंसी लागू करने के बाद वहां की सरकार को निलंबित कर दिया है. इन खबरों के अलावा, गुजरात में अब पूर्व अग्निवीरों को पुलिस बल में भर्ती के लिए किसी भी तरह की परीक्षा नहीं देनी होगी. पढ़ें रविवार शाम की बड़ी खबरें
'कोई बॉन्ड साइन नहीं किया, फिर सड़कों पर उतरेंगे', दिल्ली पुलिस के दावे पर दिपके का नया पोस्ट
CJP नेता अभिजीत दिपके ने प्रदर्शन जारी रखने का ऐलान किया है. उन्होंने X पर पोस्ट करते हुए कहा कि उन्होंने ऐसा कोई बॉन्ड साइन नहीं किया है, जिसमें प्रदर्शन नहीं करने की बात कही गई हो. दिपके ने कहा कि वे एक बार फिर सड़कों पर उतरेंगे. दिल्ली एक कार्यकारी मजिस्ट्रेट अदालत ने अभिजीत, सौरव दास और आशुतोष रांका को रविवार को रिहा किया था.
'हमारे लोगों को पुलिस ने किडनैप किया, उनके साथ बदसलूकी हुई', CJP ने लगाए आरोप
कॉकरोच जनता पार्टी ने दिल्ली में पुलिस की कार्रवाई को अमानवीय बताया और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए हैं. पार्टी प्रवक्ता आशुतोष रांका ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर बीजेपी को समर्थन देने का आरोप लगाया. आशुतोष रांका ने कहा कि जिस तरह उन्हें सौरव दास और अभिजीत दिपके को अगवा किया गया वह गलत था.
पाकिस्तान में इमरान खान की पार्टी PTI और सरकार के बीच टकराव बढ़ता जा रहा है. रविवार को राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने खैबर पख्तूनख्वा में इमरजेंसी लागू करने के बाद वहां की सरकार को निलंबित कर दिया. इस फैसले से प्रांत में PTI सरकार के अधिकार छिन गए हैं. इमरान खान की रिहाई और उनसे मुलाकात की मांग को लेकर PTI का मार्च भी जारी है.
PM मोदी ने तमिलनाडु को दी ₹13 हजार करोड़ की सौगात, बोले- विरासत और विकास साथ-साथ आगे बढ़ रहे
पीएम मोदी ने रविवार को तमिलनाडु में करीब 13 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. इस दौरान चेन्नई मेट्रो की फेज-2 येलो लाइन का उद्घाटन किया गया. इस कार्यक्रम में तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर और मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय भी मौजूद रहे.
गुजरात में अब पूर्व अग्निवीरों को पुलिस बल में भर्ती के लिए किसी भी तरह की परीक्षा नहीं देनी होगी. उपमुख्यमंत्री हर्ष सांघवी ने इसे लेकर जानकारी शेयर की है. इसके साथ ही उन्होंने पूर्व अग्निवीरों को 20% आरक्षण और अधिकतम आयु सीमा में पांच साल की छूट देने की भी बात कही है. सरकार की ओर से इस फैसले पर विस्तृत प्रेस नोट जारी किया जाएगा.
बांग्लादेशी गेंदबाज ने रच दिया नया इतिहास... अफगानिस्तान के खिलाफ ली हैट्रिक
बांग्लादेश के तेज गेंदबाज हसन महमूद ने टेस्ट क्रिकेट में इतिहास रच दिया है. हसन महमूद ने अफगानिस्तान के खिलाफ अबू धाबी में खेले जा रहे एकमात्र टेस्ट मैच के तीसरे दिन हैट्रिक ली. इसी के साथ हसन टेस्ट में हैट्रिक लेने वाले बांग्लादेश के पहले तेज गेंदबाज बन गए. उन्होंने अफगानिस्तान की पहली पारी के 83वें ओवर में यह कारनामा किया.
भारतीय युद्धपोत पहुंचा रूस, दोनों देशों की नौसेना मिलकर करेगी समंदर में युद्धाभ्यास
भारतीय नौसेना का महत्वपूर्ण युद्धपोत आईएनएस सह्याद्री 10 अक्टूबर 2026 को रूस के सुदूर पूर्वी शहर व्लादिवोस्तोक पहुंच गया. यह जहाज भारत और रूस की नौसेनाओं के बीच द्विपक्षीय अभ्यास इंद्र-2026 में भाग लेने के लिए गया है. यह अभ्यास 13 से 18 अक्टूबर 2026 तक चलेगा. यह तैनाती भारत सरकार के महासागर विजन के अनुरूप है.
'हर हर महादेव!', मैच से पहले महाकाल की शरण में पहुंचे गौतम गंभीर, उज्जैन के मंदिर जाकर टेका माथा
भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेली जा रही पांच मैचों की टी20 सीरीज के तीसरे मुकाबले से ठीक पहले टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध शहर उज्जैन पहुंचे. यहां उन्होंने विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में भगवान शिव के दर्शन किए और आशीर्वाद लिया. इस दौरान उनके साथ टीम के बल्लेबाजी कोच सीतांशु कोटक भी मौजूद रहे.
CJP प्रोटेस्ट: बंगला साहिब विवाद में अरविंद केजरीवाल के खिलाफ केस दर्ज
दिल्ली सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के अध्यक्ष हरमीत सिंह कालका ने अरविंद केजरीवाल और उनके सहयोगियों के खिलाफ दिल्ली पुलिस में लिखित शिकायत दी है. कालका ने आरोप लगाया है कि केजरीवाल और उनकी पार्टी के सदस्यों ने शांति भंग करने के लिए फर्जी खबरें फैलाईं. उन्होंने AAP नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.
लखनऊ के कांग्रेस दफ्तर में हंगामा, अजय राय और ममता चौधरी के समर्थकों के बीच चले जूते
लखनऊ में कांग्रेस मुख्यालय में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और ममता चौधरी के समर्थकों के बीच हंगामा हो गया. दोनों गुटों के बीच विवाद के दौरान जमकर विरोध हुआ. समर्थकों ने हाथों में जूते लेकर विरोध जताया. बता दें कि, UP कांग्रेस की नई प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद के पदभार ग्रहण का कार्यक्रम आयोजित हुआ था.