भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेली जा रही पांच मैचों की टी20 सीरीज के तीसरे मुकाबले से ठीक पहले टीम इंडिया के हेड कोच गौतम गंभीर पूरी तरह से भक्ति रंग में रंगे नजर आए हैं. मैच से पहले गौतम गंभीर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
भारतीय टीम की जीत की कामना के लिए गौतम गंभीर मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध शहर उज्जैन पहुंचे. यहां उन्होंने विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में भगवान शिव के दर्शन किए और आशीर्वाद लिया.
महाकाल के दरबार में पहुंचे गौतम गंभीर अकेले नहीं थे, बल्कि उनके साथ टीम के बल्लेबाजी कोच सीतांशु कोटक भी मौजूद रहे. भगवान शिव के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक महाकालेश्वर मंदिर में दोनों कोचों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और टीम इंडिया के लिए प्रार्थना की.
रांची में खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में वेस्टइंडीज के खिलाफ मिली हार के बाद अब टीम इंडिया सीरीज का तीसरा मैच खेलने के लिए पूरी तरह से तैयार है. दोनों टीमों के बीच यह भिड़ंत इंदौर के होलकर स्टेडियम में होनी है.
Ujjain, Madhya Pradesh: Indian Cricket Team head coach Gautam Gambhir and batting coach Sitanshu Kotak visit Mahakaleshwar Temple and seek blessings https://t.co/haZAyJyuDA
— IANS (@ians_india) October 11, 2026
सीरीज इस समय 1-1 की बराबरी पर चल रही है. ऐसे में मैदान पर उतरने से पहले भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर टीम में सकारात्मक ऊर्जा लाने के लिए उज्जैन के मंदिर जाकर माथा टेकने का काम किया.
न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए गंभीर ने कहा कि महाकाल के दरबार में आशीर्वाद पाने का अवसर मिलना उनके लिए बेहद सौभाग्य की बात है. उन्होंने देश की सुख-शांति के साथ-साथ टीम इंडिया की निरंतर सफलता के लिए प्रार्थना की है.