हरियाणा के नूंह जिले में सोशल मीडिया पर वायरल हुए खतरनाक स्टंट के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. साथ ही स्टंट में इस्तेमाल की गई थार एसयूवी और ट्रैक्टर को भी जब्त कर लिया गया है. पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक सड़कों पर इस तरह की लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है, इसलिए ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
रस्सी से बांधकर दोनों वाहनों को विपरीत दिशा में खींचा
जानकारी के मुताबिक फिरोजपुर झिरका क्षेत्र के गांव अगोंन में दो युवकों ने थार और ट्रैक्टर को एक मोटी रस्सी से बांधकर दोनों वाहनों को विपरीत दिशा में खींचने का खतरनाक स्टंट किया था. इस दौरान आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई. किसी ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया.
वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने इस गैर-जिम्मेदाराना हरकत पर नाराजगी जताई और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की. मामले का संज्ञान लेते हुए नूंह पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर जांच शुरू की और दोनों वाहनों व उनके चालकों की पहचान कर ली.
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान थार चालक अनवर पुत्र अब्दुल हफीज निवासी हसनपुर बिलोंडा और ट्रैक्टर चालक शाहिद पुत्र नूर मोहम्मद निवासी गांव अगोंन के रूप में हुई है. दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है और आरोपियों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
आरोपियों ने लोगों से की ये अपील
गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों का एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें उन्होंने अपने कृत्य पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी. उन्होंने स्वीकार किया कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए किया गया यह स्टंट गलत था और इससे लोगों की जान को खतरा हो सकता था. दोनों ने युवाओं से अपील की कि वे लाइक और व्यूज के लिए कभी भी अपनी या दूसरों की जिंदगी जोखिम में डालने वाले स्टंट न करें.
नूंह पुलिस ने भी लोगों, विशेषकर युवाओं से अपील की है कि सार्वजनिक सड़कों पर किसी भी तरह की स्टंटबाजी से बचें. पुलिस ने चेतावनी दी है कि सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
(रिपोर्ट- कासिम खान)