scorecardresearch
 

गुजरात निकाय चुनाव: कांग्रेस की पहली लिस्ट जारी, 243 उम्मीदवार के नामों का ऐलान

गुजरात के स्थानीय निकाय चुनाव से पहले कांग्रेस ने 243 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की है, जिसमें अहमदाबाद समेत सात नगर निगम शामिल हैं. वहीं आम आदमी पार्टी ने सूरत नगर निगम के लिए 75 उम्मीदवार घोषित किए हैं. भारतीय जनता पार्टी अभी उम्मीदवार घोषित नहीं की है. मतदान 26 अप्रैल और मतगणना 28 अप्रैल को होगी.

Advertisement
X
26 अप्रैल को मतदान.(Photo: Representational)
26 अप्रैल को मतदान.(Photo: Representational)

गुजरात में होने वाले स्थानीय निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में गुजरात कांग्रेस ने रविवार को उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है. पार्टी की इस पहली सूची में कुल 243 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं, जो राज्य के 15 में से 7 प्रमुख नगर निगमों को कवर करते हैं. इनमें सबसे अधिक 90 उम्मीदवार अहमदाबाद म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के लिए घोषित किए गए हैं.

पार्टी ने अहमदाबाद के अलावा सूरत, वडोदरा, राजकोट, भावनगर, जामनगर और मोरबी म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के लिए भी उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है. हालांकि, पार्टी ने अभी सभी सीटों के लिए उम्मीदवार घोषित नहीं किए हैं, जिससे संकेत मिलते हैं कि आने वाले दिनों में और सूची जारी की जा सकती है.

यह भी पढ़ें: अहमदाबाद में UCC को लेकर टकराव, पुलिस और SDPI प्रदर्शनकारियों में झड़प

इसी बीच आम आदमी पार्टी ने भी सूरत म्युनिसिपल कॉरपोरेशन के लिए अपने 75 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है। वहीं, भारतीय जनता पार्टी और आम आदमी पार्टी ने अभी तक सभी नगर निगमों के लिए अपने उम्मीदवार घोषित नहीं किए हैं.

चुनावी कार्यक्रम और मतदान प्रक्रिया

राज्य चुनाव कार्यक्रम के अनुसार गुजरात में 26 अप्रैल को बड़े पैमाने पर मतदान होगा. इस दौरान 34 जिला पंचायतों, 260 तालुका पंचायतों, 84 नगरपालिकाओं और 15 नगर निगमों के लिए मतदान कराया जाएगा. चुनाव की मतगणना 28 अप्रैल को की जाएगी.

Advertisement

राज्य निर्वाचन आयोग गुजरात के अनुसार इस चुनाव में 9 हजार 992 सीटों के लिए 4.18 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करने के पात्र होंगे. यह चुनाव राज्य में स्थानीय शासन के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

नामांकन और OBC आरक्षण से जुड़ी प्रक्रिया

यह चुनाव अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) आरक्षण के संशोधित नियमों के तहत कराए जा रहे हैं. इन नए नियमों के कारण कई जिलों में वार्डों के परिसीमन और पुनर्गठन की प्रक्रिया भी की गई है.

चुनाव की अधिसूचना 6 अप्रैल को जारी होगी. उम्मीदवारों के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 11 अप्रैल तय की गई है. नामांकन पत्रों की जांच 13 अप्रैल को होगी, जबकि उम्मीदवार 15 अप्रैल तक अपने नाम वापस ले सकेंगे. चुनावी प्रक्रिया के इस चरण के साथ गुजरात में स्थानीय निकाय चुनाव का माहौल पूरी तरह से गरमा गया है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement