दिल्ली-एनसीआर में झमाझम बारिश का सिलसिला जारी है. रातभर हुई बारिश से सड़कों पर पानी भरा है. नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद, गाजियाबाद समेत एनसीआर के इलाकों में सड़कों पर जलजमाव से लोगों को काफी परेशानी हो रही है. इस बीच मौसम विभाग (IMD) ने आज भी बारिश से राहत नहीं मिलने की संभावना जताई है. IMD ने दिल्ली में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है.
बारिश की वजह से दिल्ली-एनसीआर के तापमान में गिरावट आई है और सुबह-सुबह मौसम ठंडा हो गया है. एक तरफ लोग जहां भीषण गर्मी से राहत महसूस कर रहे हैं तो वहीं, रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है.
नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद, गाजियाबाद और राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में सड़कों पर जलभराव है. जिससे गाड़ियों की रफ्तार सुस्त पड़ी है और लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
कहां-कहां हुआ जलभराव?
दिल्ली से सटा गुरुग्राम शहर पिछले दो दिनों से भारी बारिश की मार झेल रहा है. 33 घंटों में 115 मिलीमीटर बारिश होने से शहर में जगह-जगह पानी भरा है. गुरुग्राम में पिछले दो दिनों में मंगलवार को 83 मिलीमीटर और बुधवार को 32 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है. दिल्ली-जयपुर हाईवे की सर्विस लेन, नरसिंहपुर, बसई, कादीपुर, सोहना रोड और कई अन्य मुख्य सड़कों पर पानी भर गया. कई जगहों पर गाड़ियां पानी में फंसकर खराब हो गई हैं.
मॉनसून की भारी बारिश ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटी साइबर सिटी को पूरी तरह ठप कर दिया है. बारिश में सड़कें दरिया बन गईं और कारें पानी में फंस गई हैं. हर साल की तरह इस साल भी गुरुग्राम का वही हाल है. नालियों और ड्रेनेज की खराब व्यवस्था, पुरानी नालियों का जाम होना, ड्रेनेज सिस्टम का ठीक से काम नहीं करने की वजह से बारिश में जलभराव की स्थिति पैदा हो जाती है.
बीती रात भी दफ्तर से घर लौट रहे लोग आधी रात तक सड़कों पर फंसे रहे. कई लोगों को घर पहुंचने में 5 से 6 घंटे तक की देरी हुई. सेक्टर 31, 39, शीतला माता मंदिर रोड, सेक्टर-10A, पटौदी रोड, बसई रोड, कादीपुर और उमंग भारद्वाज चौक समेत कई इलाकों में भारी जलभराव देखा गया.
दिल्ली की बात करें तो आईटीओ, रिंग रोड, नजफगढ़ और कई निचले इलाकों में पानी जमा हो गया है. सुबह ऑफिस जाने वाले लोगों को जलभराव का सामना करना पड़ा. वहीं, नोएडा में फिल्म सिटी की सड़कों पर भी जगह-जगह पानी भरा है.
मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, 9 जुलाई को सुबह 4.15 बजे तक लोधी रोड, पूसा, गाजियाबाद और ग्रेटर नोएडा (जीबी नगर) में सबसे ज्यादा बारिश हुई है.
आइए जानते हैं दिल्ली में कहां-कहां कितनी बारिश हुई?
पूसा 66 मिमी, लोधी रोड 65 मिमी, महरौली में 63 मिमी, मयूर विहार में 57 मिमी, छतरपुर में 47 मिमी, नारायणा में 42 मिमी , नजफगढ़ में 42 मिमी , जनकपुरी में 34 मिमी और प्रगति मैदान में 34 मिमी बारिश दर्ज की गई है.
आज भी बारिश के आसार, IMD का अलर्ट
मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में 9 जुलाई को भी गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है. हवाओं की रफ्तार 30-50 किलोमीटर प्रति घंटा तक हो सकती है. मौसम विभाग ने दिल्ली में येलो और कुछ जगहों पर रेड अलर्ट जारी किया है.