भारत की सबसे पॉपुलर ओटीटी शो में से एक, 'मिर्जापुर' पर मूवी बन रही है. इसका नाम 'मिर्जापुर: द मूवी' (Mirzapur: The Movie) है. इस पिक्चर के साथ बड़े पर्दे पर अलग अंदाज और ज्यादा धमाकेदार अंदाज में फैंस के फेवरेट किरदार लौट रहे हैं. यह फिल्म अभी से साल 2026 की सबसे मच अवेटेड रिलीज में से एक बनकर उभरी है.
दर्शकों को मिर्जापुर की धमाकेदार और विस्फोटक दुनिया में वापस जाने का इंतजार है. 'मिर्जापुर: द मूवी' से यह उम्मीद की जा रही है कि यह बड़े एक्शन सीन्स, नए ट्विस्ट, तीखे टकरावों और एक बड़े सिनेमाई अनुभव के साथ रोमांच को और बढ़ा देगी. फिल्म की रिलीज से पहले एक्टर दिव्येंदु ने अपने किरदार मुन्ना भैया के रूप में वापसी को लेकर अपनी उत्सुकता जाहिर की.
फिल्म में दिखेंगे मुन्ना भैया
इसे 'विंटेज' यानी क्लासिक मिर्जापुर बताते हुए और यह फिल्म बड़े पर्दे पर कितनी ग्रैंड होने वाली है, इस पर बात करते हुए दिव्येंदु ने कहा, 'यह पूरी तरह से विंटेज मिर्जापुर होने वाला है. हम पूरी ताकत के साथ धमाकेदार वापसी कर रहे हैं. आप उन्हीं किरदारों को देखेंगे जो पहले सीजन में थे, वे जैसे थे वैसे ही नजर आएंगे. बैकड्रॉप बिल्कुल वैसा ही है लेकिन प्रेजेंस अलग हैं. चूंकि यह एक फिल्म है, इसलिए यह बहुत बड़े और सिनेमाई कैनवास पर बनी है, और यह वाकई में सिर्फ और सिर्फ फैंस के लिए है.'
'मुन्ना भैया' के लिए मिले प्यार और एक बार फिर इस आइकॉनिक किरदार में कदम रखने के बारे में बात करते हुए दिव्येंदु ने कहा, 'मुन्ना के लिए लोगों के दिल में जो प्यार है, उसे मैं आज भी पूरी तरह समझ नहीं पाता हूं. कभी-कभी तो हैरानी होती है कि क्या ऐसा कोई किरदार सचमुच किसी पैरेलल वर्ल्ड में जी रहा है. चूंकि तीसरे सीजन में मेरा किरदार मर गया था, इसलिए लोग पुराने हिंदी गानों के साथ इमोशनल रील्स बना रहे थे और उससे वापस आने की गुहार लगा रहे थे.'
उन्होंने आगे कहा, 'मैं सचमुच यही उम्मीद करता हूं कि मैं एक बार फिर इस किरदार के साथ पूरा न्याय कर सकूं. मेरे दिमाग में थोड़ा-सा विरोधाभास था कि क्या मुझे इसे बिल्कुल नए सिरे से निभाना चाहिए या फिर पहले सीजन में जो मैंने किया था, उसी की नकल करनी चाहिए, इसलिए शुरुआत में मैं थोड़ा असमंजस में था.'
बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाएगी फिल्म
'मिर्जापुर: द मूवी' को लेकर चारों तरफ मचे जबरदस्त बवाल और इसके इतिहास रचने की बात पर विचार करते हुए दिव्येंदु ने कहा, 'हां, कमाई और रेवेन्यू स्ट्रीमिंग के मामले में यह एक बहुत बड़ी क्रांति साबित होने वाली है. मुझे लगता है कि बहुत से लोगों की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या यह फॉर्मूला (सीरीज को फिल्म में बदलना) काम करता है, ताकि वे भी ऐसा ही कर सकें. ठीक वैसे ही, जैसे जब पहली बार मिर्जापुर आई थी और किसी ने उससे इतनी उम्मीदें नहीं लगाई थीं, मुझे लगता है कि यह फिल्म भी कुछ ऐसा ही ऐतिहासिक करने की राह पर है.'
'मिर्जापुर: द मूवी', अमेजन एमजीएम स्टूडियोज और एक्सेल एंटरटेनमेंट प्रस्तुत करने जा रहा है. गुरमीत सिंह के निर्देशन में बनी इस फिल्म को पुनीत कृष्णा ने लिखा है. पिक्चर को एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने प्रोड्यूस किया है. यह फिल्म 4 सितंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में शानदार रिलीज के लिए पूरी तरह तैयार है.