बीते कई सालों से प्रोडक्शन क्वालिटी और एक्टर्स के काम को लेकर टीवी की इमेज ऐसी रही है कि किसी फिल्म को 'टीवी फिल्म जैसा' कह देना, उसकी क्वालिटी पर सवाल उठाने जैसा है. तमाम टीवी एक्टर्स ने फिल्म इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाई है और शाहरुख खान से लेकर इरफान खान जैसे एक्टर्स टीवी से निकल चुके हैं. फिर भी आजतक टीवी एक्टर्स को फिल्म इंडस्ट्री में कम आंका जाता है.
लेकिन टीवी के कलाकारों का एक कमाल इन दिनों बड़े पर्दे पर ऐसा जादू कर रहा है कि लोग मंत्रमुग्ध हुए जा रहे हैं. इस फिल्म का नाम है कृष्णावतारम. डायरेक्टर से लेकर एक्टर्स तक, कृष्णावतारम की कामयाबी इस बात का सबूत भी है कि टीवी के टैलेंट को सपोर्ट मिले, तो टीवी वाले क्या कर सकते हैं.
'देवों के देव महादेव' के डायरेक्टर की फिल्म है कृष्णावतारम
कृष्णावतारम के डायरेक्टर हार्दिक गज्जर ने टीवी के सबसे पॉपुलर शोज में से एक, देवों के देव महादेव के एपिसोड डायरेक्ट किए थे. सिया के राम और प्रेम या पहेली: चंद्रकांता जैसे दमदार टीवी शोज की कमान भी हार्दिक गज्जर ने संभाली है. टीवी पर काम करने के दौरान ही हार्दिक ने अपना VFX स्टूडियो 'वर्टेक्स वोल्ट' भी शुरू किया था. उनकी इस कंपनी ने देवों के देव महादेव और फियर फाइल्स जैसे शोज पर भी काम किया था.
टीवी से मिली शुरुआत ने हार्दिक को वेब सीरीज द कसीनो दिलाई. फिर अपने प्रोडक्शन हाउस में हार्दिक ने जानेमाने बॉलीवुड एक्टर प्रतीक गांधी के साथ फिल्म भवई (2021) बनाई. पिछले 5 सालों में गुजराती और हिंदी में करीब 5 फिल्में बनाने वाले हार्दिक ने अब कृष्णावतारम बनाई है. एक समय टीवी के डायरेक्टर रहे हार्दिक ने इस फिल्म में ऐसा विजन बड़े पर्दे पर डिलीवर किया है, जिसे देखते लोगों की आंखें नहीं थक रहीं. कृष्णावतारम के फाइट सीन्स में आपको स्केल की कमी दिखेगी, मगर खूबसूरत फ्रेम्स और भाव से हार्दिक की स्टोरीटेलिंग लगातार बांधे रखती है.
टीवी के बैकग्राउंड से ही हैं कृष्णावतारम के एक्टर्स
कृष्णावतारम में श्रीकृष्ण का लीड किरदार निभा रहे सिद्धार्थ गुप्ता ने फिल्म कुकु माथुर की झंड हो गई (2014) से डेब्यू किया था. लेकिन ये फिल्म नहीं चली और फिर सिद्धार्थ का करियर टीवी ने संभाला. सिद्धार्थ ने MTV के शो झंड होगी सबकी और प्यार तूने क्या किया जैसे शोज होस्ट किए. रागिनी MMS रिटर्न्स (2017) वेब सीरीज में भी उन्होंने लीड रोल किया. टीवी के काम में लोगों ने सिद्धार्थ का लुक नोटिस किया और उन्हें म्यूजिक वीडियोज खूब मिले. करीब दर्जन भर पॉपुलर म्यूजिक वीडियो करने के बाद उन्हें कृष्णावतारम में लीड रोल मिला.
सिद्धार्थ के साथ कृष्णावतारम में राधा का किरदार निभा रहीं सुष्मिता भट चेन्नई से हैं और उन्होंने भी अपना करियर टीवी से ही शुरू किया था. सुष्मिता ने कन्नड़ टीवी सीरियल काव्यांजलि (2020) से करियर शुरू किया था, जहां से उन्हें तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ फिल्मों में काम मिला. इस तरह सुष्मिता कृष्णावतारम तक पहुंचीं.
श्रीकृष्ण की पत्नी रुक्मिणी का रोल कर रहीं निवाशियनी कृष्णन को पहली बार बिग बॉस तमिल के छठे सीजन से पहचान मिली थी. वो इस शो में सबसे कम उम्र की कंटेस्टेंट बनकर आई थीं और अपने लुक्स की वजह से शुरू से ही चर्चा में थीं. निवाशियनी कंटेंट क्रिएटर भी रही हैं और इसी फेम ने उन्हें तमिल फिल्म Oho Enthan Baby (2025) में डेब्यू का मौका दिलवाया. यहीं से उन्हें कृष्णावतारम मिली.
हर साल कुछ ऐसी फिल्में आती हैं जो अपनी कहानी और स्टोरीटेलिंग की ताकत से पॉपुलैरिटी की बाउंड्री को लांघ जाती हैं. दर्शक इन फिल्मों के लिए इनके स्टार्स या प्रोडक्शन हाउस का नाम नहीं देखते. टीवी की दुनिया से निकले कलाकारों की फिल्म कृष्णावतारम, थिएटर्स में ऐसा ही एक जानदार सरप्राइज बनकर आई है.
लिमिटेड स्क्रीन्स पर सिर्फ पहले वीकेंड में 7 करोड़ से ज्यादा कमा चुकी कृष्णावतारम की कामयाबी बताती है कि एक फिल्म का कमाल सिर्फ ईमानदार स्टोरीटेलिंग से तय होता है. इस बात से नहीं कि उसे बनाने वाले कलाकार टीवी से आए हैं या देश की सबसे बड़ी फिल्म इंडस्ट्री से.