Budh Gochar Negative 2026: ज्योतिष शास्त्र में बुध देव को बुद्धि, तर्क, वाणी, व्यापार और त्वचा का कारक ग्रह माना जाता है. जब भी बुध ग्रह अपनी चाल बदलते हैं या जल तत्व की राशि (कर्क) में प्रवेश करते हैं, तो इसका सीधा प्रभाव व्यक्ति की निर्णय क्षमता और आर्थिक स्थिति पर पड़ता है. द्रिक पंचांग के अनुसार, 5 अगस्त को बुध कर्क राशि में प्रवेश करेंगे. कर्क राशि का स्वामी चंद्रमा है, जो भावनाओं का कारक है. ऐसे में बुध का कर्क राशि में जाना कुछ राशियों के लिए मानसिक तनाव, व्यापार में मंदी और वाणी में कड़वाहट ला सकता है. आइए जानते हैं कि इस गोचर के दौरान किन-किन राशियों को बेहद सतर्क रहने की आवश्यकता है.
मेष राशि (Aries)
मेष राशि के जातकों के लिए बुध का यह गोचर चतुर्थ भाव में होगा, जिससे सुख-सुविधाओं और पारिवारिक जीवन पर असर पड़ सकता है. घर के सदस्यों के साथ किसी बात को लेकर अनबन हो सकती है. माता जी के स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें. मकान या वाहन की मरम्मत में अचानक बड़ा खर्च हो सकता है, जिससे बजट डगमगा जाएगा. ऑफिस में बनते काम अटक सकते हैं. सहयोगियों के साथ बातचीत में संयम रखें.
मिथुन राशि (Gemini)
बुध आपकी राशि के स्वामी हैं और यह गोचर दूसरे भाव में होगा. धन के मामले में जल्दबाजी में लिया गया फैसला भारी नुकसान करा सकता है. इस दौरान किसी को उधार देने से बचें. आपकी कड़वी या गलत बात से रिश्ते बिगड़ सकते हैं. कार्यस्थल पर सहकर्मियों के साथ विवाद से दूर रहें. त्वचा या गले से जुड़ी समस्याएं परेशान कर सकती हैं.
धनु राशि (Sagittarius)
धनु राशि वालों के लिए यह गोचर अष्टम (8वें) भाव में होने जा रहा है, जो अचानक आने वाली बाधाओं को दर्शाता है. व्यापारियों को लेन-देन में सावधानी बरतनी होगी, वरना नुकसान हो सकता है. किसी अज्ञात भय या चिंता के कारण मन अशांत रहेगा. काम पर ध्यान केंद्रित करने में दिक्कत आएगी. फिजूलखर्ची बढ़ने से आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ सकता है.
अशुभ प्रभावों से बचने के उपाय (Remedies)
- बुधवार के दिन भगवान श्री गणेश को दूर्वा (हरी घास) अर्पित करें.
- ऊं बूं बुधाय नमः मंत्र का यथासंभव जप करें.
- गाय को हरा चारा या पालक खिलाएं.