दिल्ली के जंतर-मंतर पर 'कॉकरोच जनता पार्टी' का विरोध प्रर्दशन जारी है. 20 जुलाई को सीजेपी ने देशभर के छात्रों संग मिलकर संसद मार्च किया. 'कॉकरोच जनता पार्टी' और विभिन्न छात्र संगठनों के हजारों प्रदर्शनकारी नीट पेपर लीक और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर संसद भवन तक पहुंचे. CJP के इस प्रर्दशन को कई बॉलीवुड सितारों का समर्थन मिला, लेकिन बॉलीवुड एक्ट्रेस और बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने इसकी निंदा करते हुए इसे हुड़दंग बताया है.
CJP प्रदर्शन पर बोलीं कंगना
कंगना रनौत ने मानसून सत्र के दौरान मीडिया संग बातचीत में सीजेपी के प्रोटेस्ट पर खुलकर अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि संसद के बाहर जब प्रदर्शनकारी पहुंचे तब सभी सांसद संसद में ही थे. एक्ट्रेस ने कहा कि वो लोग ये सोचकर काफी डर गए थे कि कहीं प्रदर्शनकारी उनपर हमला न कर दें. मगर दिल्ली पुलिस ने किसी को नुकसान नहीं पहुंचने दिया.
कंगना से पूछा गया कि मीटिंग में क्या रहा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने क्या कहा? इसपर कंगना ने जवाब दिया- प्रधानमंत्री जी ने हमारा मार्गदर्शन किया. युवाओं को लेकर, उनकी महत्वाकांक्षाओं को लेकर हमें बहुत सारे इंस्ट्रक्शन्स मिले हैं. प्रधानमंत्री जी ने नीट को लेकर अपनी स्ट्रैटिजी और करप्शन पर भी विस्तार से बात की.
कंगना को लगा था डर
कंगना से आगे पूछा गया कि प्रोटेस्ट के दौरान जो हंगामा हुआ, जिसमें यूथ और पुलिस को चोंटें आई हैं उसपर उनका क्या कहना है? इसपर कंगना ने जवाब दिया- सब लोग संसद के अंदर काफी घबरा गए थे और गेट्स भी बंद कर दिए गए थे. हम मूव नहीं कर पा रहे थे. मॉब जिस तरह से अटैक करता हुआ आया, एक पल के लिए तो हम भी डर गए थे, लगा था कि शायद हमपर भी अटैक कर देंगे. लेकिन मैं दिल्ली पुलिस की सराहना करती हूं कि उन्होंने जिस तरह हमारे बीच में शील्ड बनकर पथराव झेला, चोंटे खाईं, हमें किसी तरह का कोई नुकसान नहीं पहुंचने दिया.
क्या है पूरा मामला?
बता दें कि नीट मेडिकल एंट्रेंस एग्जाम पेपर लीक और छात्रों के सुसाइड मामले को लेकर सीजेपी बीते कई दिनों से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रही है. सोमवार को हजारों की तादाद में प्रदर्शनकारी दिल्ली के जंतर-मंतर पर इकट्ठा हुए. इसके बाद उन्होंने मानसून सत्र के पहले दिन संसद की तरफ मार्च किया. इस दौरान स्थिति को कंट्रोल करने के लिए पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया. आंसू गैस के गोले छोडे़, जिसमें कई प्रदर्शनकारी और पुलिसवाले भी घायल हुए.
वहीं, सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके का कहना है कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन तब तक जारी रहेगा, जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देंगे.