राजेश खन्ना हिंदी सिनेमा के पहले सुपरस्टार कहे जाते हैं. भले ही अब वो दुनिया में नहीं हैं, लेकिन उनके स्टारडम के चर्चे आज भी होते हैं. राजेश खन्ना का फिल्मी करियर शानदार रहा, लेकिन पर्सनल लाइफ को लेकर भी वो हमेशा सुर्खियों में छाए रहे.
राजेश खन्ना ने करियर के पीक पर 31 साल की उम्र में एक्ट्रेस डिंपल कपाड़िया संग शादी करके घर बसा लिया था. शादी के वक्त डिंपल की उम्र महज 16 साल थी. राजेश खन्ना संग घर बसाने के बाद डिंपल ने फिल्मों से दूरी बना ली थी. शादी के बाद कपल के घर दो बेटियों का जन्म हुआ ट्विंकल खन्ना और रिंकी खन्ना. लेकिन बेटियों के जन्म के बाद राजेश खन्ना और डिंपल कपाड़िया के रिश्ते में दूरियां आ गई थीं और फिर दोनों अलग हो गए. हालांकि, उनका कभी तलाक नहीं हुआ था.
राजेश खन्ना- डिंपल के रिश्ते पर क्या बोलीं अनीता?
रिपोर्ट्स में बताया जाता है कि साल 1982 में डिंपल कपाड़िया पति राजेश खन्ना का घर छोड़कर चली गई थीं. राजेश खन्ना की फिर अनीता आडवाणी संग नजदीकियां बढ़ गई थीं, दोनों साथ में रहने लगे थे.
अब 'मेरी सहेली' को दिए इंटरव्यू में अनीता ने राजेश खन्ना संग अपने रिश्ते पर बात की है. अनीता ने ये भी दावा किया कि राजेश खन्ना ने डिंपल कपाड़िया संग कई बार तलाक मांगा था, लेकिन डिंपल ने तलाक देने से इनकार कर दिया था.
डिंपल कपाड़िया पर तंज कसते हुए अनीता बोलीं- कहते हैं कि अगर किसी की वाइफ हो और वो उसके साथ रहे तो वो शख्स किसी और के साथ रिलेशनशिप नहीं बना सकता. लेकिन अगर किसी का पार्टनर उन्हें छोड़कर चला जाए और सालों तक उनसे कोई रिश्ता न रखे तो? तो उनकी जिंदगी में किसी और इंसान की एंट्री हो जाती है. मगर उस इंसान को आप बर्बाद कर देते हैं और वो कहीं नहीं रहता.
डिंपल कपाड़िया ने क्यों नहीं दिया था राजेश खन्ना को तलाक?
अनीता आगे बोलीं- डिंपल न तो राजेख खन्ना के साथ रह रही थीं और न ही तलाक ले रही थीं. राजेश खन्ना ने डिवोर्स कितना मांगा, लेकिन डिपंल ने नहीं दिया. मांग इतनी थी कि डिवोर्स देना भी है तो सबकुछ हमारे नाम कर दो.
अनीता ने आगे बताया कि राजेश खन्ना ने अपने एक इंटरव्यू में बोला था कि उन्होंने डिंपल से तलाक मांगा था, लेकिन उन्होंने तलाक देने से इनकार कर दिया था. इस बारे में अनीता आगे बोलीं- उन्होंने बोला भी था इंटरव्यू में कि मैं डिवोर्स देना चाहता हूं, कितनी बार बोला है, लेकिन वो देती ही नहीं थीं. ऐसी कौन सी वाइफ है पता नहीं? वाइफ और बच्चे साथ में रहते हो? तो घर क्यों तोड़ा? डिवोर्स 10 बार मांगा लेकिन नहीं दिया. उनकी डिमांड थी कि तलाक देना है तो सबकुछ हमारे नाम करो.