विवादित और मशहूर कमेडियन समय रैना अपने रियलिटी शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट' सीजन 2 के साथ वापस आ चुके हैं. शो के पहले ही एपिसोड में बॉलीवुड की दिग्गज एक्ट्रेस आलिया भट्ट और शरवरी वाघ बतौर गेस्ट शामिल हुई थीं, जिसे लेकर सोशल मीडिया पर काफी चर्चा रही. अब इसे लेकर कॉमेडियन सुनील पाल ने समय रैना और आलिया भट्ट दोनों को अपने निशाने पर लिया है.
वायरल वीडियो में जब पैपराजी ने सुनील पाल से पूछा कि शो में आलिया भट्ट जैसी बड़ी स्टार्स भी आई थीं और गालियों का इस्तेमाल हुआ, तो सुनील पाल ने शायराना अंदाज में तीखा तंज कसा. उन्होंने हंसते हुए कहा, 'जहां-जहां हैं आलिया, वहां-वहां हैं गालियां! बजाओ तालियां, वरना सपने में आएगा विजय माल्या.' उनका यह बयान सीधे तौर पर आलिया भट्ट की मौजूदगी और शो के गाली-गलौज वाले फॉर्मेट पर एक बड़ा हमला था.
समय रैना को लेकर किया बड़ा दावा
समय रैना के बारे में बात करते हुए सुनील पाल ने एक हैरान करने वाला दावा किया. उन्होंने कहा, 'समय रैना के करीब 11 लाख फॉलोअर्स हैं और वह खुद मुझे फॉलो करता है. इससे यह पता चलता है कि वह एक सही आदमी को फॉलो कर रहा है और वह अपनी मंजिल तक जरूर पहुंचेगा.' सुनील ने आगे यह भी खुलासा किया कि समय रैना ने पहले उन्हें अपने शो में आने के लिए बात की थी और इसके लिए ₹25 लाख देने की पेशकश भी की गई थी.
शो में जाने के लिए रखी थी शर्त
सुनील पाल ने बताया कि उन्होंने समय रैना के शो का हिस्सा बनने के लिए एक सख्त शर्त रखी थी. उन्होंने समय से कहा था, 'मैं तुम्हारे शो में आऊंगा, लेकिन शर्त यह है कि शो में गालियां नहीं होनी चाहिए. तुम मुझे पैसे मत देना, लेकिन हम लोग गालियों का सपोर्ट नहीं करेंगे.' सुनील पाल के मुताबिक, वह आज भी अपनी इस बात पर कायम हैं कि कॉमेडी के नाम पर अश्लीलता और गालियों को परोसा जाना बिल्कुल गलत है.
परिवारों को लेकर जताई चिंता
सुनील पाल ने समय रैना के शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट' को लेकर अपनी चिंता जाहिर करते हुए कहा कि वह चाहते हैं कि इस शो में कुछ ऐसा बदलाव हो जो समाज के लिए बेहतर हो. उन्होंने कहा, 'मैं चाहता हूं कि समय रैना अपने इस शो को ऐसा बनाए जिसे लोग अपने मम्मी-पापा और परिवार के बुजुर्गों के साथ बैठकर देख सकें.शो का फॉर्मेट ऐसा होना चाहिए जिससे परिवार के बड़े-बुजुर्गों को भी सम्मान मिले और वे भी इसे देख सकें.'