रोहित शेट्टी की फेमस और सक्सेसफुल कॉमेडी फ्रेंचाइजी 'गोलमाल' एक बार फिर दर्शकों को गुदगुदाने के लिए तैयार है. इस बार फिल्म की सबसे बड़ी चर्चा इसकी स्टारकास्ट और एक्टर्स की फीस को लेकर हो रही है. खबर है कि बॉलीवुड के 'खिलाड़ी' अक्षय कुमार इस फिल्म में एक बेहद खास और सरप्राइज रोल में नजर आने वाले हैं. लेकिन उनकी फीस ने सभी को चौंका दिया है.
दरअसल अक्षय 'गोलमाल 5' में बहुत कम समय के लिए नजर आएंगे, फिर भी उनकी फीस ने हर किसी के होश उड़ा दिए हैं. फिल्म के लीड एक्टर अजय देवगन से भी ज्यादा चर्चा अक्षय की इस 'भारी-भरकम' डील की हो रही है, जिसने फिल्म जगत में हलचल पैदा कर दी है.
चंद दिनों की शूटिंग और करोड़ों की कमाई
अक्षय कुमार अपनी प्रोफेशनल लाइफ में समय की पाबंदी और काम करने के तरीके के लिए जाने जाते हैं. 'गोलमाल 5' के लिए भी उन्होंने कुछ ऐसा ही किया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, अक्षय इस फिल्म के लिए सिर्फ 18 से 22 दिन ही शूटिंग करेंगे. इतने कम दिनों के काम के लिए उन्हें करीब 35 से 40 करोड़ रुपये दिए जा रहे हैं. देखा जाए तो अक्षय का यह कैमियो या स्पेशल अपीयरेंस फिल्म के बजट का एक बड़ा हिस्सा ले जा रहा है.
अजय देवगन की फीस से भी आगे निकले खिलाड़ी
हैरानी की बात यह है कि अक्षय की यह फीस फिल्म के हीरो अजय देवगन की शुरुआती फीस से भी ज्यादा बताई जा रही है. इसकी एक बड़ी वजह यह है कि अजय देवगन इस फिल्म में 'प्रॉफिट शेयरिंग' यानी फिल्म के मुनाफे में हिस्सेदारी के आधार पर काम कर रहे हैं. वहीं अक्षय कुमार ने अपनी फिक्स फीस ली है.
सेट से वायरल हुआ अक्षय का नया अवतार
फिल्म की शूटिंग के दौरान की कुछ तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर पहले ही वायरल हो चुके हैं. रोहित शेट्टी द्वारा शेयर किए गए 'बिहाइंड द सीन' (BTS) पलों में अक्षय कुमार का एक अलग ही लुक देखने को मिल . वह फिल्म में गंजे (Bald Look) नजर आने वाले हैं, जिसे उनका 'सरप्राइज पैकेज' कहा जा रहा है.
नाटक से शुरू हुआ था 'गोलमाल' का सफर
बहुत कम लोग जानते हैं कि 'गोलमाल' सीरीज की जड़ें मराठी और गुजराती नाटकों से जुड़ी हैं. बताया जाता है कि पहली फिल्म हर्ष शिवशरण के मराठी नाटक 'घर घर' से प्रेरित थी. इसी को आधार बनाकर नीरज वोरा ने अपना गुजराती नाटक 'अफलातून' लिखा था, जो बाद में रोहित शेट्टी की पहली 'गोलमाल' का आधार बना. 2006 में शुरू हुआ यह सफर अब अपने 5वें पार्ट तक पहुंच गया है.
अक्षय कुमार, अजय देवगन के अलावा फिल्म में अरशद वारसी, तुषार कपूर, श्रेयस तलपड़े, कुणाल खेमू और शरमन जोशी नजर आने वाले हैं.