NEET-UG परीक्षा में हुई धांधली और पेपर लीक के खिलाफ छात्रों की न्याय की लड़ाई अब एक बड़े जन-आंदोलन का रूप ले चुकी है. इस गंभीर मुद्दे पर जहां सरकार और प्रशासन की चुप्पी बनी हुई है, वहीं देश के जाने-माने एजुकेशन रिफॉर्मिस्ट
और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक छात्रों के भविष्य को बचाने के लिए 28 जून 2026 से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं. इस बीच बॉलीवुड सुपरस्टार आमिर खान के भांजे इमरान खान का पोस्ट वायरल हो रहा है.
बता दें कि एक्टर इमरान खान, शबाना आज़मी और नसीरुद्दीन शाह जैसी बड़ी हस्तियों ने इस लड़ाई को राजनीतिक चश्मे से दूर रखकर शिक्षा प्रणाली में पूरी पारदर्शिता और जवाबदेही तय करने की मांग की है. जैसे-जैसे 20 जुलाई को संसद के मॉनसून सत्र के साथ 'चलो संसद' मार्च की तारीख नजदीक आ रही है, देश में परीक्षा सुधारों को लेकर दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है.
इमरान खान ने उठाए सवाल
इस पूरे विवाद के बीच एक्टर इमरान खान ने सोशल मीडिया पर छात्रों का दर्द बयां करते हुए एक बेहद भावुक और जरूरी बात कही है. उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा कि पिछले कुछ हफ्तों में नीट घोटाले को लेकर जो कुछ भी हुआ और जिस तरह की बातें सामने आईं, उन्हें देखना काफी परेशान करने वाला रहा है. इमरान ने साफ किया कि यह किसी राजनीति का विषय नहीं है, बल्कि देश के बच्चों के भविष्य से जुड़ा मामला है. उन्होंने सीधे शब्दों में कहा कि अगर हम अपने छात्रों से यह उम्मीद करते हैं कि वे पूरी ईमानदारी और लगन के साथ परीक्षा दें, तो फिर परीक्षा आयोजित कराने वाली सरकारी संस्थाओं से भी उसी स्तर की ईमानदारी और जवाबदेही की उम्मीद क्यों न की जाए?
19 दिन से भूख हड़ताल पर सोनम
नीट घोटाले के विरोध में सोनम वांगचुक पिछले 19 दिनों से बिना कुछ खाए-पिए डटे हुए हैं. वांगचुक के इस आमरण अनशन को देखते हुए उनके समर्थकों और आम जनता में उनकी सेहत को लेकर चिंता काफी बढ़ गई है. इसी फिक्र के चलते दिल्ली हाई कोर्ट में एक जनहित याचिका (PIL) भी दायर की गई है, जिसमें अदालत से गुहार लगाई गई है कि वांगचुक की स्थिति को देखते हुए उन्हें तुरंत उचित मेडिकल सहायता मुहैया कराई जाए.
वांगचुक का यह आंदोलन 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) नाम के संगठन द्वारा चलाए जा रहे एक बड़े विरोध प्रदर्शन का हिस्सा है. प्रदर्शनकारियों का मानना है कि भारत की मौजूदा परीक्षा प्रणाली पूरी तरह से खोखली हो चुकी है और इसमें तुरंत बड़े बदलावों की जरूरत है. अपनी मांगों को लेकर मुखर प्रदर्शनकारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर अड़े हैं.
वांगचुक के समर्थन में एकजुट हुआ बॉलीवुड
छात्रों के हक की इस लड़ाई में अब सोनम वांगचुक अकेले नहीं हैं. इमरान खान के अलावा सिनेमा जगत के कई दिग्गज और बड़े चेहरे भी उनके साथ खड़े नजर आ रहे हैं. शबाना आजमी, नसीरुद्दीन शाह, सोनाक्षी सिन्हा, वीर दास, विशाल ददलानी, भुवन बाम, आशीष चंचलानी, मुनावर फारूकी, और स्वरा भास्कर जैसी हस्तियों ने सार्वजनिक रूप से इस आंदोलन का समर्थन किया है.