निर्माता निशांत उज्जवल की अपकमिंग फिल्म 'कभी खुशी कभी गम' का ट्रेलर आउट कर दिया गया है. फिल्म में सुपर स्टार प्रदीप पांडेय चिंटू, आम्रपाली दुबे, संचिता बनर्जी और महानायक कुणाल सिंह लीड रोल में हैं. फिल्म का ट्रेलर रापचिक यूट्यूब चैनल से रिलीज हुआ है, जो 3:50 मिनट का है. फिल्म में महानायक कुणाल सिंह की दमदार उपस्थिति कहानी की खूबसूरती को बढ़ाने वाली है.
'कभी खुशी कभी गम' के ट्रेलर रिलीज पर क्या बोले उज्जवल
फिल्म को लेकर निर्माता निशांत उज्जवल ने कहा कि फिल्म 'कभी खुशी कभी गम इंसानी रिश्तों की धूप-छांव की कहानी है. ट्रेलर में इसकी एक झलक देखने को मिल रही है. लेकिन जब दर्शक इसे बड़े पर्दे पर देखेंगे, तो दंग रह जायेंगे.' उन्होंने बताया कि 'कभी खुशी कभी गम के लिए एक बार फिर से आम्रपाली दुबे और संचिता बनर्जी लकी चार्म साबित होंगी, जिन्हें दर्शक फिल्म निरहुआ हिंदुस्तानी 2 के बाद फिर से एक साथ देख पाएंगे.'
'इनकी जोड़ी जब भी आती है, फिल्म का हिट होना तय माना जाता है. वैसे भी अगर देखा जाए तो दोनों गजब की अदाकारा हैं, जिन्होंने चिंटू के साथ मिलकर फिल्म के ग्राफ को और भी बढ़ा दिया है. अब फिल्म को जल्द ही रिलीज करेंगे. बस दर्शकों से आग्रह होगा कि वो इसे परिवार सहित सिनेमाघरों में जाकर जरुर देखें.'
कैसा है फिल्म का ट्रेलर
फिल्म के ट्रेलर की शुरुआत एक पिता की उस चाहत से होती है, जिसमें उसके बेटे की शादी हो. फिर शादी भी होती है, लेकिन उसके घर कोई बच्चा नहीं आता. इसके बाद फिर दूसरी शादी होती है. घर में अब बच्चे का आगमन होने वाला होता है, इससे पहले बवाल शुरू हो जाता है. उसके बाद जो होता है, उसे देखने के लिए आपको फिल्म देखनी होगी.
फिल्म में गाने और संवाद सराहनीय हैं. एक्शन भी लाजवाब है. ट्रेलर देख कर आप इसे ब्लॉकबस्टर फिल्म जैसा पाएंगे, लेकिन फिल्म कैसी होगी, यह रिलीज के बाद ही पता चल सकेगा.