असम में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए बीजेपी ने अपनी कमर कस ली है. असम में 9 अप्रैल को मतदान होना है और 4 मई को वोटों की गिनती की जाएगी. इससे पहले पार्टी के सहयोगियों के बीच सीटों का बंटवारा फाइनल हो गया है.
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने घोषणा की है कि राज्य की 126 विधानसभा सीटों में से बीजेपी 89 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी. बाकी सीटों पर एनडीए के सहयोगी दल चुनाव लड़ेंगे. इसमें असम गण परिषद (AGP) 26 सीटों पर और बोडोलैंड पीपल्स फ्रंट (BPF) 11 सीटों पर चुनाव लड़ेगी.
असम के उम्मीदवारों के नाम तय करने के लिए आज नई दिल्ली में बीजेपी की केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) की अहम बैठक होने जा रही है. इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी अध्यक्ष समेत नेता शामिल होंगे.
माना जा रहा है कि इस बैठक में सभी 89 सीटों के लिए उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप दे दिया जाएगा. पार्टी सूत्रों के मुताबिक, उम्मीदवारों की आधिकारिक सूची शुक्रवार तक जारी हो सकती है.
पीएम मोदी की तीन बड़ी रैलियां
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह ने हाल ही में असम दौरा किया था अब चुनाव प्रचार के आखिरी दौर में पीएम मोदी एक बार फिर असम में धुआंधार प्रचार करेंगे. पीएम मोदी अप्रैल के पहले हफ्ते में तीन बड़ी जनसभाओं को संबोधित करेंगे.
यह भी पढ़ें: असम चुनाव: कांग्रेस ने जारी की 42 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट, गौरव गोगोई जोरहाट से लड़ेंगे
पीएम मोदी 1 अप्रैल, 3 अप्रैल और 6 अप्रैल को संबोधन करेंगे. ये रैलियां राज्य के अलग-अलग हिस्सों में आयोजित की जाएंगी, ताकि एनडीए के पक्ष में माहौल को और मजबूत किया जा सके.
अमित शाह भी संभालेंगे प्रचार की कमान
गृह मंत्री अमित शाह भी प्रचार की कमान संभालेंगे और राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों में चुनावी रैलियां करेंगे. मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने संकेत दिया है कि इस बार सूची में कई नए चेहरे, खासकर महिलाओं और युवाओं को तरजीह दी जाएगी.