scorecardresearch
 

दुबई में बनेगा सोने का रास्ता, 24 कैरेट गोल्ड 'सड़क' देखकर रह जाएंगे हैरान!

दुबई में 2026 के आखिर तक 24 कैरेट सोने का दुनिया का सबसे लंबा वॉकवे बनाने की योजना है. जानिए कहां बनेगा यह खास रास्ता और इससे दुबई को क्या फायदा होगा.

Advertisement
X
इस प्रोजेक्ट को 2026 के आखिर तक शुरू करने की तैयारी है. ( Photo: ITG)
इस प्रोजेक्ट को 2026 के आखिर तक शुरू करने की तैयारी है. ( Photo: ITG)

दुबई अपनी लग्जरी और अनोखी चीजों के लिए दुनिया भर में मशहूर है. अब यहां लोगों को सोने से जुड़ा एक और खास आकर्षण देखने को मिल सकता है. दुबई में 24 कैरेट सोने से बना दुनिया का सबसे लंबा वॉकवे तैयार करने की योजना है. वॉकवे यानी ऐसा रास्ता, जहां लोग पैदल चल सकें. इस प्रोजेक्ट को 2026 के आखिर तक शुरू करने की तैयारी है. इसके जरिए दुबई पर्यटकों को एक नया अनुभव देना चाहता है. साथ ही, दुनिया भर में सोने और ज्वेलरी के बड़े कारोबार केंद्र के रूप में अपनी पहचान को और मजबूत करने की कोशिश कर रहा है.

कब शुरू होगा 24 कैरेट सोने का रास्ता?
दुबई गोल्ड डिस्ट्रिक्ट के सीनियर डायरेक्टर राशिद अल हरमूदी के मुताबिक, इस खास वॉकवे को अगले दो महीनों के भीतर खोलने की उम्मीद है. हालांकि, इसकी लंबाई, इसमें इस्तेमाल होने वाले सोने की मात्रा और इसे बनाने के तरीके के बारे में अभी पूरी जानकारी सामने नहीं आई है. इस प्रोजेक्ट का मकसद केवल एक अनोखा रास्ता बनाना नहीं है, बल्कि दुबई में पर्यटन को भी बढ़ावा देना है. इस गोल्ड वॉकवे के जरिए पर्यटक सोने और ज्वेलरी के कारोबार से जुड़ी दुनिया को करीब से देख सकेंगे. अगर यह योजना तय समय पर शुरू होती है, तो यह दुबई के नए आकर्षणों में शामिल हो सकता है.



क्या है दुबई गोल्ड डिस्ट्रिक्ट?
दुबई गोल्ड डिस्ट्रिक्ट शहर के डीरा इलाके में स्थित है. यह इलाका सोने, गहनों और कीमती धातुओं के कारोबार के लिए जाना जाता है. यहां सोने के थोक व्यापार से लेकर ज्वेलरी की दुकानों तक कई तरह के कारोबार होते हैं. इस इलाके को खास तौर पर सोने और गहनों की खरीदारी करने वाले लोगों और पर्यटकों के लिए विकसित किया जा रहा है. गोल्ड वॉकवे इसी योजना का हिस्सा है. इसके जरिए दुबई गोल्ड डिस्ट्रिक्ट को एक ऐसे खास ठिकाने के रूप में पेश करना चाहता है, जहां लोग सोने की खरीदारी करने के साथ एक अलग तरह का अनुभव भी ले सकें.

दुबई में सोने और ज्वेलरी को मिल रही नई पहचान
एक तरफ दुबई में 24 कैरेट सोने का वॉकवे बनाने की योजना है, तो दूसरी तरफ 16 किलो से ज्यादा वजन के सोने के झुमकों ने भी रिकॉर्ड बनाया है. ये दोनों ही चीजें दुबई में सोने और ज्वेलरी से जुड़ी खासियत को सामने लाती हैं. दुबई पहले से ही सोने के कारोबार और ज्वेलरी की खरीदारी के लिए दुनिया भर में जाना जाता है. अब गोल्ड वॉकवे जैसी योजना के जरिए वह पर्यटकों को आकर्षित करने और अपनी इस पहचान को और मजबूत करने की कोशिश कर रहा है. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement