उत्तर प्रदेश में सरकारी स्कूलों की स्थिति को लेकर आम आदमी पार्टी ने ‘स्कूल ठीक करो अभियान’ शुरू किया है. पार्टी का कहना है कि अभियान के जरिए प्रदेश के उन स्कूलों की स्थिति सामने लाई जाएगी, जहां छात्र बुनियादी सुविधाओं की कमी से डील कर रहे हैं. अभियान के पहले चरण में आम आदमी पार्टी ने वाराणसी, गाजीपुर, जौनपुर, गोरखपुर समेत कई जिलों के बदहाल स्कूलों के वीडियो बनाकर जारी किए हैं. इस अभियान के तहत आम आदमी पार्टी ने एक हेल्पलाइन नंबर 838292809 भी जारी किया है. पार्टी के मुताबिक, इस नंबर पर कोई भी व्यक्ति अपने इलाके के स्कूल की बदहाली का वीडियो बनाकर भेज सकता है. इसके बाद आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता संबंधित व्यक्ति से संपर्क करेंगे.
संजय सिंह बोले- स्कूलों की स्थिति जनता के सामने लाएंगे
आम आदमी पार्टी के यूपी प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि पिछले कई दिनों से देश में बच्चे सड़कों पर उतरकर स्कूलों की बदहाली और अपने हक का मुद्दा उठा रहे हैं. उन्होंने कहा कि आज देश की राजनीति में स्कूल और शिक्षा भी एक मुद्दा बन गया है. संजय सिंह ने आगे कहा कि आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश में ‘स्कूल ठीक करो अभियान’ चलाएगी. उन्होंने कहा कि हमने पूरे प्रदेश के स्कूलों को दिखाने का अभियान चलाया है.
सरकारी पर क्या बोले संजय सिंह?
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार स्कूलों के कायाकल्प का दावा कर रही है. संजय सिंह ने कहा कि इन दावों की हकीकत दिखाने के लिए आम आदमी पार्टी एक सीरीज चलाएगी, जिसमें प्रदेश के स्कूलों की स्थिति सामने रखी जाएगी.
जनता से स्कूलों के वीडियो भेजने की अपील
संजय सिंह ने उत्तर प्रदेश की जनता से इस अभियान में सहयोग करने की अपील की. उन्होंने कहा कि लोग 838292809 हेल्पलाइन नंबर पर अपने इलाके के स्कूलों की बदहाली का वीडियो भेज सकते हैं. इस नंबर के जरिए लोग उत्तर प्रदेश के स्कूलों की स्थिति की जानकारी भी दे सकते हैं और वीडियो भी भेज सकते हैं. संजय सिंह ने सवाल उठाते हुए कहा कि अगर उत्तर प्रदेश सरकार ने कायाकल्प योजना के जरिए स्कूलों को ठीक कर दिया है, तो फिर स्कूलों की स्थिति दिखाने से डर क्यों रही है. इस दौरान उन्होंने स्कूलों की हालत से जुड़े वीडियो भी दिखाए. उन्होंने बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि स्कूलों को लेकर सरकार की ओर से किए जा रहे दावे झूठे हैं.