scorecardresearch
 

टाइगर श्रॉफ के हमलावरों की गिरफ्तारी का पहला वीडियो सामने आया, रेलवे स्टेशन से धरे गए

मुंबई के जुहू में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग के तीनों आरोपी शूटरों को राजस्थान पुलिस और एजीटीएफ ने कोटा रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया है. पुणे-जयपुर एक्सप्रेस से सफर कर रहे इन आरोपियों को पकड़ने के बाद मुंबई पुलिस को सौंप दिया गया है.

Advertisement
X
टाइगर श्रॉफ के हमलावरों को कोटा रेलवे स्टेशन से अऱेस्ट किया गया. (Photo-Screengrab)
टाइगर श्रॉफ के हमलावरों को कोटा रेलवे स्टेशन से अऱेस्ट किया गया. (Photo-Screengrab)

बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में कोटा रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार तीन आरोपियों का वीडियो सामने आया है. राजस्थान पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) और कोटा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्धों को कोटा जंक्शन रेलवे स्टेशन से पकड़ा था. तीनों पुणे-जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस से सफर कर रहे थे. 

पुलिस के मुताबिक, मुंबई पुलिस से मिली सूचना के बाद महज 15 से 20 मिनट में ऑपरेशन को अंजाम दिया गया. इस कार्रवाई का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पुलिसकर्मी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर खड़ी ट्रेन से तीनों संदिग्धों को अपने साथ ले जाते दिखाई दे रहे हैं. उनके चेहरे ढके हुए हैं.

कोटा की पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम के मुताबिक, मुंबई पुलिस ने सूचना दी थी कि टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के मामले में शामिल दो से तीन मुख्य संदिग्ध एक ट्रेन में सवार हो सकते हैं. ट्रेन का अगला प्रमुख पड़ाव कोटा जंक्शन था. सूचना मिलते ही कोटा पुलिस की अलग-अलग टीमों को सक्रिय किया गया और रेलवे स्टेशन पर घेराबंदी की गई.

एसपी ने बताया कि पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में स्टेशन पर तैनात थे, ताकि संदिग्ध ट्रेन में मौजूद हों या उतरकर भागने की कोशिश करें, तो उन्हें पकड़ा जा सके. कोटा शहर पुलिस की डीएसटी, रेलवे कॉलोनी और भीमगंज मंडी थानों की टीमों, साइबर सेल, एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स और रेलवे सुरक्षा बल के जवानों ने मिलकर कार्रवाई की.

Advertisement

यह भी पढ़ें: सलमान, "पहले सलमान, फिर रोहित शेट्टी और अब टाइगर... बॉलीवुड के सितारे कितने सुरक्षित?

एक आरोपी बिहार का, दूसरा हरियाणा का रहने वाला

एसपी तेजस्विनी गौतम ने बताया कि हिरासत में लिए गए तीन लोगों में ऋतिक उर्फ रोशन, रेहान और एक नाबालिग शामिल हैं. ऋतिक उर्फ रोशन बिहार के बेगूसराय का रहने वाला है और पिछले कुछ वर्षों से मुंबई में रहकर रैपिडो राइडर के तौर पर काम कर रहा था. दूसरा संदिग्ध रेहान हरियाणा के सोनीपत का निवासी है.

पुलिस के मुताबिक, शुरुआती पूछताछ में सामने आया कि रेहान गैंगस्टर अनिल पंडित के संपर्क में था. हालांकि, इस संबंध में विस्तृत पूछताछ और जांच के बाद ही अन्य जानकारियां सामने आ सकेंगी. एसपी ने बताया कि तीनों में से दो के खिलाफ पहले बाइक चोरी और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है. उनके आपराधिक रिकॉर्ड की विस्तृत जांच की जा रही है. शुरुआती पूछताछ के बाद आरोपियों को मुंबई पुलिस की टीम को सौंप दिया गया. 

तीनों आरोपियों को कोटा पुलिस अवकाशकालीन कोर्ट में पेश किया जाएगा. कोर्ट से ट्रांजिट वारंट मिलने के बाद मुंबई पुलिस आरोपियों को लेकर कोटा से रवाना होगी.  मुंबई पुलिस के साथ कोटा पुलिस की एक टीम भी जाएगी, जो मुंबई में पूछताछ के दौरान शामिल रहेगी. जांच में राजस्थान से जुड़ा कोई लिंक सामने आने पर यहां भी आगे की कार्रवाई की जा सकती है.

Advertisement

टाइगर श्रॉफ की कार पर तीन राउंड फायरिंग

मुंबई के जुहू इलाके में रविवार शाम अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर तीन राउंड फायरिंग की गई थी. इस घटना में अभिनेता सुरक्षित बच गए, जबकि उनके ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति के घायल होने की खबर है. मामले की जांच के दौरान फॉरेंसिक टीम टाइगर श्रॉफ के घर पहुंची और उस कार की जांच की गई, जिसमें घटना के समय अभिनेता सवार थे.

यह भी पढ़ें: मूसेवाला, दिशा पाटनी, अब टाइगर श्रॉफ... फिर चर्चा में जिगाना पिस्तौल

कोटा में हुई कार्रवाई के बाद अब मुंबई पुलिस की जांच का फोकस संदिग्धों से पूछताछ, फायरिंग में उनकी कथित भूमिका और इस वारदात के पीछे की साजिश का पता लगाने पर रहेगा. पुलिस जांच के निष्कर्षों से ही यह स्पष्ट होगा कि इस हमले में किसकी क्या भूमिका थी और इसके पीछे किस नेटवर्क का हाथ था.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement